कोलकाता

फर्जी टीकाकरण शिविर के खिलाफ भाजपा उतरी सडक़ों पर

पूर्व केंद्रीय मंत्री को लिया हिरासत में

कोलकाताJul 16, 2021 / 12:01 am

MOHIT SHARMA

दक्षिण कोलकाता में भाजपा समर्थक प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर पुलिस वैन में ले जाते पुलिसकर्मी।

कोलकाता. प्रदेश भाजपा ने गुरुवार को फर्जी कोरोना वैक्सीन कांड के विरोध में पश्चिम बंगाल के विभिन्न इलाकों में प्रदर्शन किया और गिरफ्तारिया दीं। प्रदर्शनकारियों ने इस मामले में लिप्त सभी लोगों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की। फर्जी वैक्सीन कांड के विरोध में विभिन्न जिलों में चल रहे चार दिवसीय प्रदर्शन के तीसरे दिन पूर्व केन्द्रीय मंत्री और रायगंज से सांसद देवश्री चौधरी ने इस दिन फर्जी वैक्सीन के खिलाफ अलीपुर पेट्रोल पम्प से अलीपुर डीएम कार्यालय तक जुलूस निकाला। पुलिस ने उन्हें डीएम कार्यालय नहीं जाने दिया। हिरासत में ले लिया। उनके साथ पार्टी के प्रदेश सचिव तुषार कान्ति घोष और कार्यकर्ता भी हिरासत में लिए गए।
हिरासत में लिए जाने के बाद देवश्री चौधरी ने कहा कि फर्जी कोरोना वैक्सीन कांड और पश्चिम बंगाल सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ भाजपा की लड़ाई जारी रहेगी।
प्रदेश भाजपा ने गत 13 जुलाई से फर्जी वैक्सीन कांड के खिलाफ कोलकाता सहित राज्य के जिलों में अभियान चलाया है, जो 16 जुलाई तक चलेगा।
इसी क्रम में बालुरघाट डीएम कार्यालय के सामने स्थानीय भाजपा सांसद सुकान्त मजुमदार, बर्दवान डीएम कार्यालय के सामने प्रदेश उपाध्यक्ष रीतेश तिवारी, सुरी डीएम कार्यालय के सामने विवेक सोनकर, आसनसोल डीएम कार्यालय के सामने प्रदेश महासचिव सायंतन बसु, कृष्णानगर डीएम कार्यालय के सामने उपाध्यक्ष जय प्रकास मजुमदार और बैरकपुर एसडीओ कार्यालय के सामने पार्टी सांसद अर्जुन सिंह और फालगुनी पात्रा सहित अन्य नेताओं ने अन्य जिलों में फर्जी वैक्सीन के खिलाफ प्रदर्शन किया।
पक्षपात का आरोप
केंद्रीय मंत्री देवश्री चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार टीकाकरण में पक्षपातपूर्ण रवैया अपना रही है। प्रक्रिया में मनमानी की जा रही है। भाजपा समर्थकों को वैक्सीन नहीं लगाई जा रही है। वहीं दूसरी राज्य सरकार फर्जी आइएएस अधिकारी देबंजन देब जैसे फर्जी टीकाकरण शिविरों के आयोजकों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर आम लोगों की जान खतरे में डाल रही है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.