script2024 के आम चुनाव में मोदी बनाम देश: ममता | Modi vs nation in 2024 general elections: Mamata | Patrika News
कोलकाता

2024 के आम चुनाव में मोदी बनाम देश: ममता

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को ऐलान किया कि 2024 के आम चुनाव में मोदी बनाम देश होगा। विपक्षी एकता पर जोर देते हुए उन्होंने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ बैठक की। बैठक के दौरान राहुल गांधी भी मौजूद थे। मुलाकात करीब 50 मिनट चली।

कोलकाताJul 28, 2021 / 10:32 pm

Rabindra Rai

2024 के आम चुनाव में मोदी बनाम देश: ममता

2024 के आम चुनाव में मोदी बनाम देश: ममता

राजनीति: जनता ही चेहरा, लोकतंत्र बचाने के लिए आएगा चेहरा भी
सोनिया गांधी संग मौजूदा राजनीतिक हालात पर की चर्चा
कोलकाता/नई दिल्ली. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को ऐलान किया कि 2024 के आम चुनाव में मोदी बनाम देश होगा। विपक्षी एकता पर जोर देते हुए उन्होंने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ बैठक की। बैठक के दौरान राहुल गांधी भी मौजूद थे। मुलाकात करीब 50 मिनट चली। सोनिया गांधी के आवास से बाहर आने के बाद ममता ने कहा कि हमने राजनीतिक हालात तथा पेगासिस जासूसी मामले पर चर्चा की। बातचीत सकारात्मक रही। निकट भविष्य में अच्छे नतीजे सामने आएंगे। उन्होंने अगले लोकसभा चुनाव को लेकर कहा कि हमारे लिए जनता ही चेहरा है। लोकतंत्र बचाने के लिए चेहरा भी आ जाएगा।
बीजेपी को हराने के लिए सब को एक होना जरूरी है। हम (टीएमसी) अकेले कुछ नहीं है। सब को एक साथ मिलकर काम करना पड़ेगा। हम वीआईपी नहीं हैं, हम लोग साधारण इंसान हैं। हम सड़क के लोग हैं। सरकार कथित जासूसी मामले पर जवाब क्यों नहीं दे रही है। अगर लोकसभा, राज्यसभा में चर्चा नहीं होगी तो कहां चर्चा होगी। सरकार को जवाब देना चाहिए।
ममता ने कहा कि सोनिया गांधी ने मुझे चाय पर बुलाया था। वह भी विपक्ष की एकता चाहती है। कांग्रेस को क्षेत्रीय दलों पर और क्षेत्रीय दलों को कांग्रेस पर भरोसा है। तृणमूल प्रमुख ने कहा कि बेशक भाजपा एक ताकतवर पार्टी है, पर विपक्ष मजबूत होगा तथा 2024 में इतिहास रचेगा, यही हमारी उम्मीद है। उन्होंने दावा किया कि राजनीति में चीजें बदल जाती हैं। सियासी तूफान आता है तो हालात को संभालना मुश्किल हो जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जीडीपी का मतलब अब गैस-डीजल-पेट्रोल हो गया है। सरकार जनता से पैसा ले रही है लेकिन इसके पास कोरोना वायरस के टीके के लिए पैसा नहीं है।

कोई नेतृत्व करें, दिक्कत नहीं
इस सवाल पर कि क्या वह विपक्ष का चेहरा होंगी, ममता ने कहा कि मैं कोई राजनीतिक भविष्यवक्ता नहीं हूं, ये पूरा सिस्टम राजनीतिक पार्टियों पर निर्भर करता है, अगर कोई नेतृत्व करता है तो मुझे कोई दिक्कत नहीं है। लालू यादव से भी उनकी बात हुई है, सभी लोग साथ आना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि संसद सत्र पूरा होने के बाद विपक्षी दलों को जरूर मुलाकात करनी चाहिए।

खेला होबे की गूंज पूरे देश में
ममता ने कहा कि अब खेला होबे की गूंज पूरे देश में सुनाई देगी। यह एक हमेशा चलती रहने वाली प्रक्रिया है। उन्होंने मोदी सरकार की लोकप्रियता पर सवाल उठाते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी 2019 में लोकप्रिय हुआ करते थे, उन्होंने (कोरोना से) मरने वालों की संख्या का रिकॉर्ड नहीं रखा है। अंतिम संस्कार नहीं होने दिए गए और शवों को गंगा नदी में फेंक दिया गया। जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है वह इसे कभी नहीं भूलेंगे और न ही माफ करेंगे।

अच्छे दिन नहीं अब सच्चे दिन
मोदी सरकार पर तंज कसते हुए ममता ने कहा कि हमने अच्छे दिन बहुत देख लिए, अब हम सच्चे दिन देखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि पेगासस एक खतरनाक वायरस है, जिसके जरिए हमारी सुरक्षा को खतरे में डाला जा रहा है। इस वक्त देश में आपातकाल से भी ज्यादा गंभीर हालात हैं। मेरा फोन पहले ही टैप हो चुका है। अगर अभिषेक बनर्जी का फोन टैप हो रहा है और मैं उससे बात कर रही हूं, तो मेरा फोन भी अपने आप टैप हो जाता है।

विपक्ष का नाटक: भाजपा
विपक्ष के एकजुट होने की पहल पर भाजपा के प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि इससे पहले कर्नाटक में सभी विपक्षी दल के नेता पीएम मोदी की विचारधारा के खिलाफ एक मंच पर जमा हुए। इसके बाद 2019 में भाजपा के विरोध में सभी विपक्षी दल कोलकाता में एकजुट हुए लेकिन नतीजा कुछ नहीं निकला। देश की जनता विपक्ष के इस नाटक को अच्छी तरह से समझती है।

Home / Kolkata / 2024 के आम चुनाव में मोदी बनाम देश: ममता

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो