scriptउन्नाव के बाद कोरबा में दरिंदगी, रेप आरोपी ने जमानत पर छूटते ही पीड़िता पर किए 20 वार | Unnao Rape Case: Rape victim attacked by accused after bail in Korba | Patrika News
कोरबा

उन्नाव के बाद कोरबा में दरिंदगी, रेप आरोपी ने जमानत पर छूटते ही पीड़िता पर किए 20 वार

हैदराबाद और उन्नाव के बाद अब छत्तीसगढ़ के कोरबा में महिला के साथ दरिंदगी की खबर सामने आई है।

कोरबाDec 08, 2019 / 11:35 am

Ashish Gupta

crime.jpg
कोरबा. हैदराबाद और उन्नाव (Unnao Rape Case) के बाद अब छत्तीसगढ़ के कोरबा में महिला के साथ दरिंदगी की खबर सामने आई है। दो माह पहले नहाती हुई महिला का अश्लील वीडियो बनाने के मामले में जेल गए आरोपी ने जमानत पर बाहर आते ही पीड़ित महिला पर प्राणघातक हमला कर दिया। आरोपी ने महिला पर हंसिए से ताबड़तोड़ वार कि ए। गंभीर रूप से घायल अपने प्राणों की भीख मांगती रही, लोगों से बचाने की गुहार लगाती रही, लेकिन भीड़ बचाने की बजाय उसका वीडियो बनाती रही। पुलिस ने घटना के 30 घंटे बाद आरोपी को गिरफ्तार किया है।
कोरबा पुलिस के मुताबिक दो माह पहले आरोपी इंद्रपाल टोंडे ने महिला के घर में घुसकर उसका नहाते हुए वीडियो बना लिया था और उसे सोशल साइट्स पर वायरल कर दिया था। पीड़ित महिला ने इस पर मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया था, लेकिन पुलिस आरोप-पत्र में ढील बरतती रही। इसका फायदा उठाकर आरोपी जमानत पर बाहर आ गया। जेल से छूटने के बाद वह लगातार महिला को जान से मारने की धमकी दे रहा था। इसकी शिकायत भी महिला ने पुलिस से की, लेकिन पुलिस ने गंभीरता से नहीं लिया। फिलहाल गंभीर घायल महिला को बिलासपुर के सिम्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

महिला के चेहरे व गले पर आए 200 टांके
महिला के चेहरे और गले में गंभीर चोटें हैं। हंसिए के 20 से ज्यादा घातक वारों के कारण महिला की आंख के ऊपर, नाक, गाल, गले के साथ-साथ हाथों पर भी गहरे जख्म हैं। डॉक्टरों के मुताबिक महिला को 200 टांके लगे हैं। खून काफी बह चुका है।

2 अक्टूबर को गिरफ्तार, लेकिन चार्जशीट अब तक नहीं
आरोपी इंद्रपाल टोंडे को इसी साल 2 अक्टूबर को सीएसईबी चौकी मेें 506, 509 (ख) आईपीसी 66-ई (आईटी एक्ट) के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। पुलिस की जांच की रफ्तार ऐसी रही कि आरोपी को जमानत मिल गई।

पुलिस ने नहीं सुनी
पीडि़त महिला के घर के आसपास रहने वाले लोगोंं ने बताया कि आरोपी आए दिन पीडि़ता के घर के सामने तमाशा करता था। महिला भी पुलिस को फोन लगाती थी, मगर पुलिस आती नहीं थी। शुक्रवार को जब आरोपी ने पीडि़ता पर हंसिए से हमला किया तो पड़ोसियों ने डॉयल-112 पर कॉल कर बुलाया, लेकिन वह नहीं पहुंची। इसके बाद पड़ोसी दौड़कर सीएसईबी चौक से पुलिस को बुलाकर लाए। तब तक आरोपी फरार हो चुका था।

कोरबा एसपी जितेन्द्र सिंह मीणा ने कहा, पुलिस ने महिला पर जानलेवा हमले के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वीडियो वायरल करने के आरोप में पहले भी उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। आरोपी जमानत पर बाहर था। जमानत किस आधार पर मिली, यह इंवेस्टिगेशन का पार्ट है। लेकिन वारदात का तरीका देखकर कहा जा सकता है कि कोई सनकी ही इस प्रकार का कृत्य कर सकता है। जांच में पता चला है कि आरोपी का महिला के घर आना जाना था।

Home / Korba / उन्नाव के बाद कोरबा में दरिंदगी, रेप आरोपी ने जमानत पर छूटते ही पीड़िता पर किए 20 वार

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो