भामाशाहमंडी में दो दिन से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उड़द की खरीद बंद पड़ी है। किसान परेशान हैं। सहकारिता विभाग ने किसानों को 24 और 25 अक्टूबर के खरीद के टोकन दिए थे। इस कारण किसान जिंस लेकर खरीद केन्द्र पर पहुंचे तो सन्नाटा छाया हुआ था। किसान किराए पर टै्रक्टर-ट्रॉली में उड़द भरकर लाए थे, इस कारण उन्हें दोहरा नुकसान हो रहा है। मंडी में चार दर्जन से अधिक किसान उड़द लेकर पहुंचे। खरीद बंद होने से मंडी में भी उड़द के दामों में 50 से 100 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट आ गई।
धनिए से नहीं उबरे
किसान गोपाल ने बताया कि पिछली बार धनिए में उसे काफी नुकसान हुआ था। उसका कर्ज चुकता नहीं हुआ। इस बार बड़े अरमान से उड़द की फसल बोई थी। उस समय लगता था कि इस बार उपज का दाम अच्छा मिलेगा, लेकिन इस बार भी न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद नहीं हुई और व्यापारियों के यहां औने-पौने दामों में फसल बेचनी पड़ी। इसका नतीजा यह रहा कि मात्र 500 रुपए प्रति क्विंटल की उपज बिक पाई।
यह है कारण
विधायक भवानीसिंह राजावत 25 अक्टूबर को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर किसानों की उपज खरीद नहीं होने से भामाशाहमंडी गए थे, लेकिन दो घंटे इंतजार के बाद भी सहकारिता विभाग के अधिकारी व कर्मचारी वहां नहीं पहुंचे। बाद में जब उपरजिस्ट्रार अजयसिंह पंवार पहुंचे तो उन्होंने पंवार को गाली-गलौज कर धमका दिया। इसके विरोध में गुरुवार दोपहर बाद सभी अधिकारी व कर्मचारी अचानक अवकाश पर चले गए। इससे उड़द की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद ठप हो गई।