
आक्रोशित किसानों ने सहकारी समिति के मुख्य गेट पर की तालाबंदी, मचा हड़कम्प
लखिमपुर-खीरी. ब्याज सहित गन्ना मूल्य भुगतान कराए जाने की मांग को लेकर सहकारी गन्ना समिति में सोमवार को किसानों ने धरना प्रदर्शन किया। आक्रोशित किसानों ने बैठक के बाद समिति के मुख्य गेट पर ताला जड़ते हुए नारेबाजी शुरु कर दी। किसान नगर में जुलूस निकालते हुए तहसील पहुंचे। जहां उन्होंने मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपते हुए जल्द से जल्द भुगतान कराए जाने की मांग की।
ये है पूरा मामला
सोमवार को सहकारी गन्ना समिति में उस समय माहौल गर्म हो गया, जब बड़ी संख्या में अचानक किसान समिति परिसर में जा पहुंचे और बकाया भुगतान को लेकर हंगामा शुरु कर दिया। इसके बाद आक्रोशित किसानों ने समिति के मुख्य गेट पर तालाबंदी कर दी। किसानों ने बताया कि गन्ना किसानों की लड़ाई राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के संयोजक वीएम सिंह द्वारा लगातार लड़ी जा रही है। जिन्होंने हजारों करोड़ का भुगतान किसानों को न्यायालय के आदेश से पूर्व चीनी मिलों को दिलवाया है, लेकिन इसके बाद भी किसानों को कई सालों से ब्याज सहित भुगतान नहीं दिया गया है, जिससे उनमें रोष व्याप्त है।
ये लोग रहे मौजूद
गन्ना समिति के गेट पर ताला जड़ने के बाद किसानों ने तहसील परिसर तक जुलूस निकाला और विरोध प्रदर्शन किया। तहसील पहुंचकर किसानों ने मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन एसडीएम पूजा यादव को सौंपा। ज्ञापन में गन्ना किसानों की दयनीय हालत को देखते हुए ब्याज सहित गन्ना मूल्य का जल्द से जल्द भुगतान कराए जाने की मांग की गई है। इस दौरान गन्ना समिति के चेयरमैन विकास कपूर, हरविंदर सिंह, प्रीतपाल सिंह, दलबाग सिंह, कमलेश राय सहित भारी संख्या में किसान मौजूद रहे।
Published on:
15 Jul 2019, 9:38 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.