3 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

अखिलेश ने डिप्टी CM दिनेश शर्मा पर खूब ली चुटकी, यूपी सरकार पर किये 8 बड़े हमले

विधान परिषद में अखिलेश ने कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी और किसानों के मुद्दे योगी आदित्यनाथ सरकार को जमकर घेरा
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

लखनऊ

•

image

Hariom Dwivedi

•

Updated: 28 Mar 2018, 7:19 AM IST

Akhilesh Yadav

लखनऊ. विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यूपीकोका बिल पास करा रहे थे, दूसरी तरफ पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव विधान परिषद में सरकार पर बरस रहे थे। कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर योगी सरकार को घेरते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार को कानून-व्यवस्था दुरुस्त करनी चाहिये, लेकिन जोर एनकाउंटर पर है। एनकाउंटर पर उंगली उठ रही हैं। मानवाधिकार आयोग से अब तक 37 नोटिस मिल चुके हैं, जबकि समाजवादी पार्टी की सरकार के कार्यकाल में एनएचआरसी 16 नोटिस ही आये थे।

हम चाहते हैं कि आपके आगे से 'उप' हट जाये
विधान परिषद के नेता सदन डॉ. दिनेश शर्मा पर चुटकी लेते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि आप खुश तो बहुत होंगे, क्योंकि गोरखपुर और फूलपुर में दो (सीएम योगी आदित्यनाथ और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य) तो हार गये आप ही हो, जो बच गये गये हो। दिनेश शर्मा की ओर मुस्कराते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि हम चाहते हैं कि आपके आगे से 'उप' हट जाये।

हार की खुमारी नहीं उतरी क्या?
बहुजन समाज पार्टी से गठबंधन पर अखिलेश यादव ने कहा कि हमारा गठबंधन है, जिसे आप तोड़ नहीं पाएंगे। इस बीच एमएलसी देवेंद्र सिंह ने हंगामा किया तो अखिलेश उन पर बरस पड़े। सपा नेता ने कहा कि लगता है कि अभी हार का खुमार आपसे नहीं उतरा है। किसी को उंगली दिखाने का अधिकार नहीं है। भाषा भी मर्यादित होनी चाहिये। अखिलेश यादव ने कहा कि उपचुनाव के परिणामों ने देश की राजनीति को दिशा देने का काम किया है।

ऐसे व्रत तो हम साल भर रह जायें
नवरात्र में मुख्यमंत्री के लड्डू खाने पर अखिलेश यादव ने तीखा तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी ने नवरात्रि में चार लड्डू खा लिए, तो फिर व्रत कैसा रहा। अखिलेश ने कहा कि ऐसा व्रत तो हम सालों साल रख सकते हैं।

किसानों को भी जाति-धर्म में बांट दिया
किसान कर्जमाफी पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि आपने उत्तर प्रदेश के सभी किसानों का कर्ज माफ करने की बात कही थी, लेकिन नहीं हुआ। सरकारी आंकड़ों और जमीनी हकीकत में काफी अंतर है। यही कारण है कि महोबा जिले के 27 किसानों ने पिछले महीनों में सुसाइड कर लिया है। अखिलेश ने कहा कि ये सिर्फ एक जिले का आंकड़ा है, पूरे यूपी की स्थिति काफी भयावह है। सरकार ने किसानों को भी जाति-धर्म में बांट दिया।

क्यों नहीं कर रहे किसानों की मदद
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि हमने किसानों की मदद के लिए आठ लाख रुपये देने की व्यवस्था की थी। आपने कितने किसानों को दुर्घटना बीमा दिया है? जबकि दिल्ली और लखनऊ का सारा खजाना आपके पास है। किसानों ने आपको कर्जमाफी के नाम पर वोट किया था। फिर किसानों की मदद क्यों नहीं कर रहे हैं?

आने वाले चुनाव में लाखों वोटों से हारेगी बीजेपी
उपचुनाव में बीजेपी की जीत का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि ये लोग उपचुनाव में हार पर बहाना करते हैं कि हमारे लोग वोट के लिये निकले नहीं। अखिलेश यादव ने कहा कि आने वाले चुनाव में भारतीय जनता पार्टी लाखों वोटों से चुनाव हारेगी।

आपने गोरखपुर के लिये क्या किया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री जी जहां जाते हैं, कहते हैं कि हम जातिवादी लोग हैं, परिवारवाद को बढ़ावा दे रहे हैं। सपा सरकार में चार वीवीआईपी जिलों का ही विकास हुआ। तो आप बताइये आपने अपने जिले को क्या दिया? गोरखपुर के हॉस्टिपट में तो बिना आक्सीजन के मासूमों की मौत हो गई।

डायल 100 से सुधरेगा लॉ एंड ऑर्डर
अखिलेश यादव ने डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा को संबोधित करते हुए कहा कि आपको डायल 100 सुविधा पर जोर देना होगा। गाड़ियां बढ़ानी होंगी। डायल 100 से ही यूपी की कानून-व्यवस्था बेहतर होगी। लेकिन पुलिस विभाग में ऐसे लोग भी हैं जो डायल 100 को आगे नहीं बढ़ना देना चाहते।