योगी सरकार होगी हाईटेक मंत्रियों को संदेश और पत्र भी आईपैड के माध्यम से भेजे जाने की तैयारी है। इसके लिए बकायदा उन्हें आईपैड चलाने का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। सीएम योगी अपने दर्पण डैशबोर्ड से सरकारी योजनाओं की प्रगति की मॉनिटरिंग पहले से ही ऑनलाइन कर रहे हैं। अब वह भाषण से लेकर ई-ऑफिस तक में तकनीक का बढ़-चढ़कर उपयोग करते नजर आएंगे। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के लिए नया डेस्कटॉप और आईपैड भी मंगा लिया है। वह बीते दिनों अपने भाषणों के दौरान आईपैड का प्रयोग करते देखे भी जा रहे हैं।
भ्रष्टाचार पर लगेगी लगाम सूत्रों के मुताबितक मुख्यमंत्री ने योजनाओं व परियोजनाओं की ऑनलाइन मॉनिटरिंग के लिए दर्पण डैशबोर्ड तैयार कराया है। इसमें संचालित महत्वपूर्ण योजनाएं, परियोजनाएं और जनहित गारंटी अधिनियम व निवेश मित्र पोर्टल के जरिए तय समयसीमा में दी जाने वाली सेवाएं जोड़ी जा रही हैं। लगभग सभी प्रमुख विभागों की योजनाएं, परियोजनाएं और सेवाएं इससे जुड़ गई हैं। जो बाकी हैं, उन्हें अगले महीने तक जोड़ने का लक्ष्य है। दरअसल सरकार का मानना है कि इससे भ्रष्टाचार पर लगाम लगेगी और समय भी बचेगा। साथ ही काम भी पेपरलेस हो जाएगा।