scriptकांग्रेस का किसान जागरण अभियान, प्रियंका ने साधा पर निशाना, तो योगी सरकार ने दिया जवाब | Congress Kisan Jagran Abhiyan Priyanka Gandhi Yogi Adityanath | Patrika News
लखनऊ

कांग्रेस का किसान जागरण अभियान, प्रियंका ने साधा पर निशाना, तो योगी सरकार ने दिया जवाब

– 55 लाख किसान परिवारों से मांग पत्र भरवाने में जुटी कांग्रेस
– 25 हजार कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव जा रहे
– 12 हजार से ज्यादा नुक्कड़ सभाएं करेंगे कांग्रेस नेता
– 2 करोड़ 71 लाख 26 हजार लोगों से होगा संवाद
– 40 दिनों तक चलेगा कांग्रेस का अभियान
 

लखनऊFeb 07, 2020 / 03:16 pm

नितिन श्रीवास्तव

कांग्रेस का किसान जागरण अभियान, प्रियंका ने साधा पर निशाना, तो योगी सरकार ने दिया जवाब

कांग्रेस का किसान जागरण अभियान, प्रियंका ने साधा पर निशाना, तो योगी सरकार ने दिया जवाब

लखनऊ. अपने मिशन-2022 की ओर अहम कदम उठाते हुए कांग्रेस किसानों को अपने साथ जोड़ने के लिए मैदान में उतर आई है। अब कांग्रेस पार्टी किसान जन जागरण अभियान के साथ एक ओर जहां प्रतिदिन सूबे के 300 किसान के परिवार से मिलकर मांगपत्र भरवाने का काम कर रही है तो वहीं 40 दिनों तक चलने वाले इस अभियान के माध्यम से यूपी के 2 करोड़ 71 लाख 26 हजार लोगों से सीधा संवाद भी करेगी। प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने बाराबंकी के सरैया गांव में एक किसान से मांग पत्र भरवाकर अभियान की शुरुआत की। तो वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी अभियान के शुरुआत की जानकारी देते हुए ट्वीट किया। उन्होंने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यूपी की बीजेपी सरकार ने किसानों के साथ हर मोर्चे पर छल किया है। लेकिन देश का अन्नदाता हमेशा कांग्रेस पार्टी की प्राथमिकता है। प्रियंका के जवाब पर योगी सरकार ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के किसान वाड्रा जी की तरह हम उन्हें करोड़पति नहीं बना पाए। हमारी सरकार ने किसानों को किसान सम्मान निधि और अन्य स्कीमों से सशक्त बनाया है।

दरअसल पांच चरणों चलाए जा रहे इस अभियान की कांग्रेस पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर सूबे की मौजूदा योगी सरकार को घेरने की जोरदार तैयारी की है। इस अभियान के तहत कांग्रेस किसानों के मुद्दे पर सड़क पर उतरकर किसान मांग-पत्र के द्वारा उनकी समस्याओं को इकट्ठा करेगी और फिर इन पत्रों के साथ तहसील, जिला मुख्यालय और अन्य प्रशासनिक केंद्रों पर प्रदर्शन करेगी। इस अभियान के प्रमुख बिंदुओं में प्रदेश में छुट्टा पशुओं की समस्या, गन्ना मूल्य बकाए का भुगतान, धान खरीद में बिचौलियों का आतंक, धान का दाम बढ़ाकर छत्तीसगढ़ की सरकार तरह 2500 रूपये प्रति कुंतल करने, आलू किसानों की समस्या, बुंदेलखंड में ओलावृष्टि और कर्ज वसूली के नाम पर भेजी जा रही नोटिसों, किसान आत्महत्या, पराली की समस्या, आगामी गेंहू खरीद जैसे प्रमुख मुद्दे होंगे। साथ ही कांग्रेस अपने बूथ मैनेजमेंट को भी मजबूत करेगी। किसान मांग पत्र भरवाकर सरकार के प्रतिनिधि को भेजा जाये।. इस अभियान में इसके साथ ही ‘किसान की बात’ के नाम से एक और फार्म भरवाया जायेगा जिसमें किसानों का विवरण और समस्याओं को भरा जायेगा।
40 दिनों तक चलेगा अभियान

40 दिन तक चलने वाले इस अभियान में प्रदेश के 2 करोड़ 71 लाख 26 हजार लोगों से संवाद करने का कांग्रेस का लक्षय है। प्रत्येक ब्लॉक में प्रतिदिन 300 किसान परिवारों से मिलकर कार्यकर्ता किसान मांग पत्र भरवाएंगे। इस तरह एक दिन में लगभग ढाई लाख परिवारों से जनसंपर्क किया जाएगा। पूरे अभियान में 55 लाख किसान परिवारों से संपर्क का लक्ष्य है। हर ब्लॉक में कम से कम 30 कार्यकर्ता प्रतिदिन 10 पीड़ित किसानों से मांग पत्र भरवाएंगे। अभियान में कुल 25 हजार कार्यकर्ता लगाए गए हैं। 17 से 23 फरवरी तक हर ब्लॉक में दो-दो नुक्कड़ सभा की जाएंगी। 12 हजार नुक्कड़ सभाएं पूरे प्रदेश में कांग्रेस नेता करेंगे। अंतिम और पांचवें चरण में लखनऊ में एक बड़ा किसान मार्च निकाला जाएगा।
प्रियंका का निशाना

प्रियंका गांधी ने कहा कि यूपी की बीजेपी सरकार ने किसानों के साथ हर मोर्चे पर छल किया है। आज किसान को फसल का दाम नहीं मिलता। खेती की लागत बढ़ गई है। आवारा पशु रौंद देते हैं और किसान को कोई मुआवजा तक नहीं मिलता। कांग्रेस पार्टी इस पूरे अभियान के जरिए किसानों के हक की आवाज को मजबूत करेगी।
योगी सरकार का जवाब

प्रियंका के जवाब पर सीएम योगी के मीडिया सलाहकार मृत्युंजय कुमार ने तंज कसा। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा कि हमारी सरकार ने किसानों को किसान सम्मान निधि और अन्य स्कीमों से सशक्त बनाया है, लेकिन यह अलग बात है कि कांग्रेस के किसान’ वाड्रा जी की तरह हम उन्हें करोड़पति नहीं बना पाए। कांग्रेस के ज़ुबान पर किसान है क्या? जरा पता करो किसी राज्य में चुनाव है क्या।

Home / Lucknow / कांग्रेस का किसान जागरण अभियान, प्रियंका ने साधा पर निशाना, तो योगी सरकार ने दिया जवाब

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो