scriptदेश के दो बड़े धर्मगुरु सख्त बीमार, लाखों लोग 24 घंटे कर रहे पूजा, मांग रहे मन्नत | Mahant Nritya Gopal Das Maulana Kalbe Sadiq treatment in Lucknow | Patrika News
लखनऊ

देश के दो बड़े धर्मगुरु सख्त बीमार, लाखों लोग 24 घंटे कर रहे पूजा, मांग रहे मन्नत

– महंत नृत्य गोपाल दास और कल्बे सादिक को क्या है बीमारी, जानिए कहां चल रहा इलाज

लखनऊNov 23, 2020 / 10:34 am

नितिन श्रीवास्तव

देश के दो बड़े धर्मगुरु सख्त बीमार, लाखों लोग 24 घंटे कर रहे पूजा, मांग रहे मन्नत

देश के दो बड़े धर्मगुरु सख्त बीमार, लाखों लोग 24 घंटे कर रहे पूजा, मांग रहे मन्नत

लखनऊ. इन दिनों देश के दो बड़े धर्मगुरु सख्त बीमार हैं। दोनों का इलाज देश के बड़े अस्पतालों में चल रहा है। इनमें पहले श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष 84 वर्षीय महंत नृत्य गोपाल दास हैं, जिन्हें सांस लेने में तकलीफ सहित कई तरह की अन्य समस्याओं के बाद अयोध्या से रेफर किया गया था और ग्रीन कॉरिडोर बनाकर उन्हें लखनऊ के मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। जहां उनका आईसीयू में इलाज चल रहा है। जबकि दूसरे ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के उपाध्‍यक्ष और मुसलिम धर्म गुरू मौलाना कल्‍बे सादिक हैं। जिनका लखनऊ के एक निजी अस्‍पताल के आईसीयू में इलाज चल रहा है। जहां उनकी हालत भी नाजुक बनी हुई है। वह 83 साल के हैं। देश के इन दोनों बड़े धर्म गुरुओं के जल्द स्वस्थ होने के लिए देशभर में जगह-जगह लाखों लोग 24 घंटे पूजा-पाठ कर रहे हैं। भक्त इनके लिए मन्नतें मांग रहे हैं।

 

नृत्य गोपाल दास को क्या हुआ?

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत 9 नवंबर को खराब हुई थी। उन्हें सांस लेने में तकलीफ सहित कई तरह की समस्याएं थीं। अयोध्या से रेफर होने के बाद ग्रीन कॉरिडोर बनाकर उन्हें लखनऊ के मेदांता हॉस्पिटल लाया गया, जहां उन्हें तत्काल आईसीयू में भर्ती कराया गया था। हॉस्पिटल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. राकेश कपूर के मुताबिक जांच के दौरान उनके पैरों में थ्रांबोसिस और फेफड़ों में अधिक मात्रा में खून के थक्के पाए गए थे। ऑपरेशन के बाद खून के थक्के को निकाल दिया गया है। इससे फेफड़े से जुड़ी समस्या में सुधार हुआ। इस दौरान लगातार उनकी डायलिसिस की जा रही है। डॉ. राकेश कपूर ने बताया कि अब महंत की हालत में सुधार हुआ है और पेशाब होने लगी है। बीच-बीच में जरूरत के हिसाब से डायलिसिस की प्रक्रिया जारी रखी जाएगी। अभी उन्हें लिक्विड डाइट पर रखा गया है। क्रिटिकल केयर विभाग के विशेषज्ञों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।

 

मौलाना कल्‍बे सादिक की हालत नाजुक

ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के उपाध्‍यक्ष मौलाना कल्‍बे सादिक की हालत लगातार नाजुक बनी हुई है। 83 वर्षीय कल्बे सादिक को लखनऊ के एक निजी अस्‍पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। मौलाना कल्बे सादिक गंभीर निमोनिया, मूत्र नली में संक्रमण आदि रोगों से पीड़ित हैं और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। गुर्दे संबंधी दिक्‍कतों के चलते उनका डायलिसिस भी कराया जा रहा है। विशेषज्ञ डाक्टरों की टीम 24 घंटे उनके स्वास्थ्य पर नजर रख रही हैं। ऑल इण्डिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के उपाध्यक्ष मौलाना कल्बे सादिक पूरी दुनिया में अपनी उदारवादी छवि के लिये जाने जाते हैं।

 

Home / Lucknow / देश के दो बड़े धर्मगुरु सख्त बीमार, लाखों लोग 24 घंटे कर रहे पूजा, मांग रहे मन्नत

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो