scriptमिशन 2019 के लिए नीतीश का नया प्लान तैयार, सपा के खेमे में उल्लास | nitish kumar JDU -bjp relation and political plan for mission 2019 | Patrika News
लखनऊ

मिशन 2019 के लिए नीतीश का नया प्लान तैयार, सपा के खेमे में उल्लास

नीतीश के एक दूत ने इसी संदर्भ में बीते दिनों यूपी में अखिलेश यादव और मायावती का मन टटोला है। दोनों नेताओं ने तीसरे मोर्चे की संभावनाओं पर नीतीश की अहमियत को स्वीकार किया है।

लखनऊJul 04, 2018 / 05:28 pm

आलोक पाण्डेय

nitish kumar, jdu

मिशन 2019 के लिए नीतीश का नया प्लान तैयार, सपा के खेमे में उल्लास

लखनऊ . भाजपा की नई मुश्किल। यूपी में सियासी चक्रव्यूह में उलझी मोदी सेना को बिहार में नई मुसीबत ने घेर लिया है। सत्ताधारी जनता दल यूनाइटेड के नेता और बिहार के मुख्यमंत्री का भाजपा के साथ दोस्ती से दिल ऊबने लगा है। उन्होंने मिशन 2019 के लिए नया प्लान तैयार किया है। भाजपा ने नीतीश को भाव नहीं दिया तो जल्द ही देश की सियासत में नया अध्याय देखने को मिलेगा। जदयू ने भाजपा से नाता तोडक़र तीसरे मोर्चे की अगुवाई करने का फैसला लगभग कर लिया है। नीतीश के एक दूत ने इसी संदर्भ में बीते दिनों यूपी में अखिलेश यादव और मायावती का मन टटोला है। दोनों नेताओं ने तीसरे मोर्चे की संभावनाओं पर नीतीश की अहमियत को स्वीकार किया है। ऐसे में मोदी का विजय रथ रोकने के लिए उत्साहित सपा को उम्मीद है कि जल्द ही बिहार में भी महागठबंधन बनेगा, जोकि भाजपा के लिए ताबूत की आखिरी कील साबित होगा।

रविवार को नई दिल्ली में अपने पत्ते खोलेंगे नीतीश

दरअसल, भाजपा के साथ मिलकर बिहार में सरकार बनाने के बाद जदयू की चिंता लोकसभा चुनावों में सीटों के बंटवारे को लेकर है। बीते लोकसभा चुनाव में भाजपा से अलग होकर चुनाव लडऩे की स्थिति में जदयू को महज दो सीटें मिली थी, जबकि भाजपा के खेमे यानी भाजपा, लोजपा व रालोसपा का 31 सीटों पर कब्जा हुआ था। ऐसे में बिहार राज्य की 40 लोकसभा सीटों में जदयू के लिए सीटों का संकट बना हुआ है। जदयू कम से कम 20 सीट चाहता है, जबकि भाजपा एक दर्जन से ज्यादा देने के मूड में नहीं है। इसी कारण नीतीश ने भाजपा से अलग होने का प्लान बनाया है। हालांकि रणनीतिकारों के मुताबिक यह दवाब की राजनीति भी संभव है। बहरहाल, भाजपा के साथ नरम-गरम रिश्तों और विपक्षी खेमे में एकता की कोशिशों के बीच जनता दल (यूनाइटेड) ने दिल्ली में भावी रणनीति का खुलासा करने का इंतजाम किया है। आगामी रविवार को होने वाली जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक दिल्ली होगी, जिसके दौरान संगठन को मजबूत करने, अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों की तैयारी और साल के आखिर में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर चर्चा होगी।

भाजपा से अलग हुए तो सपा के साथ नया गुल खिलाएंगे

कानपुर में सपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रेश सिंह के मुताबिक, उम्मीद है कि नीतीश को भाजपा का असली चेहरा फिर नजर आएगा और वह देश की राजनीति को नई दिशा देने के लिए अखिलेश यादव की कोशिशों को अपनी ताकत देंगे। उन्होंने कहाकि जदयू के दिल्ली में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक करने से साफ है कि वह राष्ट्रीय राजनीति के फलक पर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराने के साथ शरद यादव के समर्थन वाले बागी धड़े के मुकाबले ज्यादा ताकत दिखाना चाहते हैं। पार्टी अध्यक्ष व बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक दिन पहले 7 जुलाई को ही दिल्ली पहुंचेंगे और शाम को पार्टी पदाधिकारियों के साथ विचार विमर्श करेंगे। जाहिर है कि पार्टी के प्रमुख नेताओं से नीतीश अगली रणनीति के बारे में विचार करेंगे। यह तय है कि भाजपा ने नीतीश को सम्मानजनक सीटों का ऑफर नहीं दिया तो बिहार में भी यूपी की तरह नए समीकरण देखने को मिलेंगे।

भाजपा में बेचैनी, सपा-बसपा के चेहरे खिलखिलाए

नीतीश कुमार के नए प्लान से भाजपा में खलबली मची है। सीधे तौर पर यूपी की सियासत का बिहार से लेना-देना नहीं है, लेकिन यूपी के नुकसान को बिहार सहित अन्य राज्यों से पूरा करने की मंशा पाले भाजपाइयों को नीतीश के नए प्लान से सदमा लगा है। कानपुर भाजपा के नेता शैलेंद्र त्रिपाठी कहते हैं कि नीतीश को बरगलाने की कोशिश जारी है, लेकिन वह समझदार नेता हैं। शेष सीटों के बंटवारे पर चकल्लस को जल्द ही आलाकमान सुलझा लेगा। उधर, सपा के एक अन्य नेता आशीष चौबे कहते हैं कि काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती है। जल्द ही भाजपा को फरेब का हिसाब मिलेगा। सूत्रों के अनुसार जदयू अगले चुनाव के पहले के माहौल को भांप रही है। जदयू के कुछ नेता कांग्रेस व राजद के साथ जाने या फिर भाजपा के साथ रहने में ही लाभ-हानि का आकलन कर रहे हैं। बिहार को विशेष राज्य का दर्जा व विशेष पैकेज के मुद्दे पर नीतीश कुमार व केंद्र की भाजपा सरकार के बीच मतभेद रहे हैं।

Home / Lucknow / मिशन 2019 के लिए नीतीश का नया प्लान तैयार, सपा के खेमे में उल्लास

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो