लखनऊ. प्रदेश भर के परिषदीय विद्यालय एक मार्च से खुल रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने कक्षा एक से पांच तक के परिषदीय विद्यालयों को एक मार्च से खोलने के निर्देश दिए हैं। सीएम योगी के निर्देश पर नौनिहालों के स्वागत के लिए स्कूलों में तैयारियां शुरू हो गई है। करीब एक साल के लॉकडाउन के बाद बच्चे जब स्कूल पहुंचेंगे तो उन्हें बहुत कुछ बदला व नया नजर आएगा। स्कूलों को रंगीन गुब्बारों, फूलों और झालरों से सजाया जाएगा, ताकि महीनों बाद जब बच्चें स्कूल में कदम रखें तो उनको एक नया माहौल मिले। पढ़ाई के लिए नई उर्जा मिल सके। सीएम योगी के निर्देश पर बेसिक शिक्षा विभाग बच्चों के स्वागत के लिए अभी तैयारियों में जुट गया है।