scriptक्या वाकई अमेठी से अब चुनाव नहीं लड़ेंगे राहुल! | Rahul Gandhi may fight elections from raebareli instead of Amethi | Patrika News
लखनऊ

क्या वाकई अमेठी से अब चुनाव नहीं लड़ेंगे राहुल!

अमेठी के बजाए रायबरेली से राहुल लड़ सकते हैं चुनाव, ये बात अमेठी में चर्चा का विषय बनी हुई है।

लखनऊSep 29, 2017 / 07:43 pm

Prashant Srivastava

rahul
लखनऊ। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी आगामी लोकसभा चुनाव में अमेठी के बजाए रायबरेली से लड़ सकते हैं। ये बात अमेठी में चर्चा का विषय बनी हुई है। पिछले कई महीनों से राहुल न ही अमेठी आए हैं और न ही अपने भाषणों में अमेठी का जिक्र किया है। ऐसे में उनके लोकसभा क्षेत्र में ये बात तेजी से फैल रही है कि राहुल अमेठी से इस बार चुनाव नहीं लड़ेंगे। सूत्रों के मुताबिक, राहुल इस बार रायबरेली से लोकसभा चुनाव लड़ सकते है जहां फिलहाल उनकी मां व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी सांसद हैं। वहीं अमेठी के मुकाबले कांग्रेस की स्थिति रायबरेली में ज्यादा मजबूत नजर आ रही है।
माना जा रहा है कि राहुल गांधी कांग्रेस के नए अध्यक्ष होंगे। ऐसे में सोनिया गांधी की सीट पर वह ही चुनाव लड़ेंगे। हालांकि प्रदेश कांग्रेस कमेटी में हर कोई इस बात पर बोलने से इंकार कर रहा है लेकिन सूत्रों की मानें तो जल्द इस पर मोहर भी लग जाएगी। बीते दिनों जब राहुल गांधी लखनऊ आए तो उन्होंने अमेठी जाने की बजाय लखनऊ में लोगों से बात की और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के दफ्तर में जाकर हाईवे के लिए जमीन अधिग्रहण को लेकर किसानों की समस्या बताई। फिर वे लखनऊ से ही लौट आए।
यही कारण है कि अमेठी में इन दिनों इस बात के चर्चे हैं कि उनके सांसद शायद अमेठी के बजाए दूसरी सीट पर चुनाव लड़ेंगे। बता दें कि सोनिया गांधी ने अपना पहला चुनाव 1999 में अमेठी से लड़ा था। 2004 में बेटे राहुल गांधी को पहली बार संसद तक पहुंचाने के लिए उन्होंने अमेठी सीट छोड़ दी और रायबरेली से चुनाव लड़ा था। दोनों संसदीय सीटों को गांधी परिवार का गढ़ माना जाता है, जहां प्रियंका 1999 से राहुल और सोनिया का चुनाव प्रबंधन का काम देखती आ रही हैं। ऐसे में प्रियंका भी राहुल के लिए रायबरेली में दोबारा से रणनीति तैयार करती दिख सकती हैं।
संजय सिंह लड़ सकते हैं चुनाव

कांग्रेस के राज्यभा सांसद संजय सिंह इस बार अमेठी से चुनाव लड़ सकते हैं। संजय सिंह अमेठी राजघराने के राजा हैं। उनकी पत्नी अमिता सिंह अमेठी से विधानसभा चुनाव लड़ी थीं लेकिन हार गई थीं। राज्यसभा का कार्यकाल खत्म होने के बाद वह अमेठी से लोकसभा का चुनाव लड़ सकते हैं। उन्होंने इसके लिए अमेठी में तैयारी भी शुरू कर दी है।
इमेज मेकओवर का प्रयास

आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस यूपी में अपनी इमेज मेकओवर के प्रयास में जुटी है। यूएस में अपने भाषणों के कारण राहुल गांधी पिछले दिनों काफी चर्चा में थे। सोशल मीडिया पर कई राजनीतिक विशेषज्ञों ने तारीफ भी की थी। वहीं इंदिरा गांधी जन्म शताब्दी समारोह के जरिए कांग्रेस ने यूपी में संगठन को मजबूत करने का रोड मैप तैयार कर लिया है। इंदिरा गांधी जन्म शताब्दी वर्ष के रूप में कांग्रेस आमजन से जुड़कर उन्हें अपनी विचारधारा बताने के लिए कार्यक्रमों की एक श्रृंखला चला रही है। सूत्रों की मानें तो इस थीम पर प्रोग्राम को प्रियंका गांधी ने ही डिजाइन किया है और वह रायबरेली और इलाहाबाद में होने वाले इस कार्यक्रम में खुद भी शामिल होंगी। ऐसे में माना जा रहा है कि राहुल गांधी की इमेज मजबूत करने के लिए प्रियंका ने ये कदम उठाया है।

Home / Lucknow / क्या वाकई अमेठी से अब चुनाव नहीं लड़ेंगे राहुल!

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो