scriptरेलमंत्री का बड़ा ऐलान, दो सालों में 12000 ट्रेनों में लगेंगे सीसीटीवी कैमरे | rail minister piyush goyal statement on cctv cameras in trains | Patrika News
लखनऊ

रेलमंत्री का बड़ा ऐलान, दो सालों में 12000 ट्रेनों में लगेंगे सीसीटीवी कैमरे

केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल ने लखनऊ में 4000 करोड़ की रेल परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

लखनऊMar 18, 2018 / 08:20 pm

Laxmi Narayan Sharma

piyush goyal
लखनऊ. केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल ने लखनऊ में 4000 करोड़ की रेल परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। चारबाग रेलवे स्टेडियम के मैदान पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए पीयूष गोयल ने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने उत्तर प्रदेश के साथ भेदभाव किया। उन्होंने कहा कि इस सरकार से पहले की सरकार में पांच सालों में पूरे उत्तर प्रदेश को 5550 करोड रूपये मिला यानि 1100 करोड़ रूपये हर साल।
रेलमंत्री ने कहा कि इस सरकार में वर्ष 2018-19 में 7865 करोड़ रूपये का निवेश उत्तर प्रदेश में किया गया है। साल 2014-19 तक 36390 करोड़ रूपये का निवेश उत्तर प्रदेश में किया गया। औसतन हर साल 5500 करोड़ रूपये का उत्तर प्रदेश में निवेश हुआ। उन्होंने कहा कि रेलवे में एक साथ 90 हज़ार पदों पर भर्ती होने जा रही है। भर्ती व्यवस्था इतनी पारदर्शी बनाई गई है कि राजनाथ सिंह या प्रधानमंत्री भी दखलंदाजी नहीं कर सकते। इस तरह से चुने हुए 90 हज़ार लोगों की रेलवे में नौकरी लगेगी। इसके साथ ही आने वाले दिनों में 12500 पदों पर भर्ती शुरू होगी जिसमें 50 प्रतिशत पद महिलाओं के लिए आरक्षित होंगे।
पीयूष गोयल ने कहा कि रायबरेली में मॉडर्न कोच फैक्ट्री विश्व की सबसे बड़ी फैक्ट्री बनेगी। इस फैक्ट्री का शिलान्यास 2007 में किया गया लेकिन 2010 तक कोई काम नहीं हुआ। इस दौरान दो चुनाव हुए। साल 2011 में एक कम्पनी को यह काम दिया गया। उन्होंने कहा कि रायबरेली के साथ छल किया गया। दूसरी जगहों पर बने कोच यहाँ लाये जाते थे और उनकी फर्निशिंग की जाती थी। कहा जाता था कि ये डिब्बे यहाँ बन रहे हैं। साल 2014 तक यहाँ एक भी कोच नहीं बना था। यहाँ 2014 से कोच बनना शुरू हुआ और पहले वर्ष में पौने दो सौ, अगले वर्ष तीन सौ कोच बने। इस साल 700 कोच बने हैं। अगले वर्ष 1400 से अधिक कोच बनाये जायेंगे। यहाँ 2019-20 में 3000 कोच वहां बनेंगे। रेलमंत्री ने कहा कि दो वर्षों के भीतर 12000 ट्रेनों में सीसीटीवी कैमरा लगेगा और हर स्टेशन तक मुफ्त वाईफाई पहुंचाने का निर्णय लिया गया है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो