scriptराम मंदिर निर्माण के बाद तेजी से बढ़ेगी टूरिस्टों की संख्या, हर दिन एक लाख लोग दर्शन के लिए आएंगे अयोध्या | Ram Mandir Ayodhya develop economy and job in Uttar Pradesh | Patrika News
लखनऊ

राम मंदिर निर्माण के बाद तेजी से बढ़ेगी टूरिस्टों की संख्या, हर दिन एक लाख लोग दर्शन के लिए आएंगे अयोध्या

Ram Mandir Ayodhya: राममंदिर निर्माण के लिए भूमिपूजन के साथ ही उत्तर प्रदेश को वैश्विक पहचान और अर्थव्यवस्था को नई ऊचाइयां मिलने की उम्मीदें बढ़ गई हैं।

लखनऊAug 07, 2020 / 09:28 am

नितिन श्रीवास्तव

राम मंदिर निर्माण के बाद तेजी से बढ़ेगी टूरिस्टों की संख्या, हर दिन एक लाख लोग दर्शन के लिए आएंगे अयोध्या

राम मंदिर निर्माण के बाद तेजी से बढ़ेगी टूरिस्टों की संख्या, हर दिन एक लाख लोग दर्शन के लिए आएंगे अयोध्या

अयोध्या. Ram Mandir Ayodhya: राममंदिर निर्माण के लिए भूमिपूजन के साथ ही उत्तर प्रदेश को वैश्विक पहचान और अर्थव्यवस्था को नई ऊचाइयां मिलने की उम्मीदें बढ़ गई हैं। भूमिपूजन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिस तरह से अयोध्या के विकास की रूपरेखा खींचने का संकेत दिया है, उससे यहां की आर्थिक प्रगति का रास्ता साफ खुलता नजर आ रहा है। जिससे साफ है कि अयोध्या अब यूपी की अर्थव्यवस्था का नया केंद्र बन सकता है। हालांकि वर्तमान में यूपी की अर्थव्यवस्था में अयोध्या का योगदान नाम मात्र का ही है। लेकिन मंदिर निर्माण के बाद पूरी दुनिया से लोग यहां भगवान राम और माता सीता के दर्शन के लिए आएंगे। जिससे आने वाले दिनों में राम मंदिर उत्तर प्रदेश को वैश्विक पटल पर नई पहचान दिलाएगा और अयोध्या के लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। ट्रस्ट के लोगों का कहना है कि राम मंदिर को इस तरह से डेवलप किया जाएगा, जिससे यहां होटल वालों, दुकानदारों, फूल-माला वालों, ट्रेवल एजेंसियों और दीये बेचने वाले लोगों को फायदा हो। उनका कहना है कि जैसे देश के दूसरे मंदिरों के माध्यम से रोजगार मिलता है, उसी तरह यहां भी लोगों को फायदा होगा।

 

अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण के बाद यहां आने वाले टूरिस्टों की संख्या तेजी से बढ़ेगी। आंकड़ों के मुताबिक 2019 में यहां कुल 3.4 लाख टूरिस्ट आए थे। जबकि 2015 में 1.4 लाख यानी पिछले पांच सालों में यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या लगभग 2.5 गुना बढ़ी है। यही नहीं राममंदिर के मुख्य डिजाइनर चंद्रकांत सोमपुरा के बेटे आर्किटेक्ट आशीष सोमपुरा का कहना है कि मंदिर बनने के बाद यहां हर दिन करीब 1 लाख लोग दर्शन के लिए आएंगे। जिसके हिसाब से करीब 3.6 करोड़ लोग हर साल यहां आएंगे। आपको बता दें कि यूपी में करीब 28 करोड़ टूरिस्ट हर साल आते हैं। जबकि पिछले साल 54 करोड़ टूरिस्ट आए थे। कुंभ की वजह से यह संख्या तेजी से बढ़ी थी। कुंभ की तरह ही राम मंदिर बनने के बाद अयोध्या ग्लोबल टूरिज्म सेंटर बनेगा और हर साल आना वाले लोगों की संख्या में भी तेजी से बढ़ोत्तरी होगी।

 

ऐसे बदलेगी अयोध्या

उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने अयोध्या के विकास के लिए 85 करोड़ रुपए का बजट रखा है। साथ ही भगवान राम की सबसे बड़ी मूर्ति लगाने का भी प्लान है, जिसको लेकर काम भी चल रहा है। इस मूर्ति की ऊंचाई 251 मीटर होगी। इसके अलावा यहां क्वीन हो मेमोरियल, डिजिटल म्यूजियम, इन्टरप्रिटेशन सेंटर, रामलीला संकुल, रामकथा गैलरी, ऑडिटोरियम समेत कई योजनाएं हैं, जिन पर काम होना है। इसके अलावा सरयू नदी के तट पर फाइव स्टार होटल्स बनाने का भी प्लान है। अयोध्या के 84 कोस की सीमा में करीब 60 धार्मिक स्पॉट बनाने की योजना है। साथ ही अयोध्या के 10 प्रसिद्ध तालाबों की मरम्मत की जाएगी, कई रेलवे ओवर ब्रिज बनेंगे, ताकि यहां आने वाले लोगों को किसी तरह की दिक्कतों का सामना न करना पड़े।

 

श्रीराम एयरपोर्ट

अयोध्या में श्रीराम एयरपोर्ट बनेगा। सीएम योगी आदित्यनाथ ने साल 2018 में इसकी घोषणा की थी। इसके लिए यूपी सरकार ने 200 करोड़ रुपया जारी किया है। कुल 500 करोड़ रुपए का बजट है। अयोध्या में हाईटेक एयरपोर्ट बनने के बाद यहां आने वाले टूरिस्टों की संख्या में बढ़ोतरी होगी।

 

हाईटेक रेलवे स्टेशन

अयोध्या में हाईटेक रेलवे स्टेशन भी बनेगा। अगले साल तक इसका काम पूरा हो जाएगा। इस रेलवे स्टेशन को अयोध्या के मंदिर मॉडल पर बनाया जाएगा। इसके लिए 104 करोड़ रु का बजट रखा गया है। रेलवे के मुताबिक अभी अयोध्या करीब 5 हजार यात्री रोज आते हैं। मंदिर बनने के बाद हर दिन करीब 60 हजार यात्री ट्रेन से अयोध्या पहुंचेंगे।

 

360 डिग्री थियेटर

राम मंदिर के चारों तरफ 360 डिग्री थियेटर बनेगा। यहां भगवान राम पर बनी डॉक्यूमेंट्री, म्यूजियम, फोटो गैलरी, पूजा के लिए हॉल, एक बड़ा फूड कोर्ट होगा। तालाबों में लेजर लाइट और पूरे इलाके को हरा-भरा किया जाएगा।

 

Home / Lucknow / राम मंदिर निर्माण के बाद तेजी से बढ़ेगी टूरिस्टों की संख्या, हर दिन एक लाख लोग दर्शन के लिए आएंगे अयोध्या

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो