– कानपुर में मासूम का कलेजा खाया यूपी के कानपुर में दिवाली की रात हुई छह साल की बच्ची की हत्या मामले में पुलिस ने दिल को दहला देने वाला खुलासा किया। पुलिस ने मामले में दंपती समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। बच्ची की हत्या काले जादू व तंत्र-मंत्र के चक्कर में हुई थी। दंपती की कोई संतान नहीं थी, इसलिए उन्होंने अपने भतीजे से बच्ची की हत्या कराई। भतीजे ने अपने एक दोस्त के साथ मिलकर पहले मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म किया और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी थी। इसके बाद लिवर निकालकर चाचा-चाची को दे दिया। चाचा-चाची ने लिवर का कुछ हिस्सा खाया और बाकी कुत्ते को खिला दिया था। हत्याकांड को अंजाम देने के लिए दंपती ने भतीजे को 500 रुपए और उसके दोस्त को 1000 रुपए दिए थे।
– फतेहपुर में दलित बहनों से हैवानियत फतेहपुर में भी डबल मर्डर का मामला सामने आया। यहां दलित दो सगी बहनों (12 साल और 8 साल) का शव गांव के बाहर तालाब में मिला। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों शवों को तालाब से बाहर निकलवाया। परिजन के मुताबिक दोनों बहनों के हाथ पुआल से बंधे थे। सिर और कान पर किसी धारदार हथियार से चोट के निशान थे। दोनों बच्चियों की एक-एक आंख भी फोड़ दी गई थी। परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है। उधर पुलिस बच्चियों की मौत का कारण डूबने को बता रही है। हालांकि अभी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है। घटना असोथर थाना इलाके की है। मौके पर मौजूद लड़कियों के चाचा ने शव देखने के बाद रेप के बाद हत्या की आशंका जताई तो पुलिस उन पर भड़क गई। और उसे हिरासत में लेकर थाने लेकर चली गई। इसके बाद परिवारवालों ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया तो पूरा गांव पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया।
– गोरखपुर में मुंह में कपड़ा ठूंसकर किया रेप गोरखपुर के गगहा इलाके से भी हैवानियत की घटना सामने आई। गांव की महिला के साथ छेड़खानी कर रहे युवक ने उसकी सात साल की बच्ची के साथ मुंह में कपड़ा ठूंसकर गांव के किनारे बंधे पर स्थित झोपड़ी में रेप कर दिया। बच्ची को खोजते हुए मां पहुंची तो वह वहां खून से लथपथ पड़ी थी। आरोपित मौके से भाग निकला। बच्ची ने गांव के युवक द्वारा अपनेे साथ की गई दरिंदगी बयां की। तब मां ने इसकी सूचना गगहा पुलिस को दी। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपित सिंटू राव को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि सिंटू, रेप के मामले में पहले भी मुम्बई में जेल जा चुका है। वहां से छूटकर पांच महीनेे पहले ही गांव आया था।
– अयोध्या में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म अयोध्या के थाना महाराजगंज क्षेत्र में पुलिस चौकी पूरा बाजार अंतर्गत एक गांव की नाबालिग लड़की के साथ हुए दुष्कर्म में थाना महाराजगंज में दो नामजद अभियुक्तों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत हुआ। पुलिस के मुताबिक सीओ सदर आर के चतुर्वेदी की अगुवाई में चौकी प्रभारी पूरा बाजार मनोज कुमार सिंह के साथ टीम बनाकर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त पूरा बाजार के पास से बस द्वारा भागने के प्रयास में थे। उसी समय विशाल सिंह पुत्र कमला सिंह और महेंद्र सिंह पुत्र विजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों अभियुक्त पीड़िता के गांव के ही निवासी हैं। आपको बता दें कि थाना महाराजगंज क्षेत्र के पुलिस चौकी पूरा बाजार अंतर्गत एक गांव की नाबालिग लड़की घर से थोड़ी दूर झाड़ी में बेहोश मिली थी। परिजनों ने नाबालिग को चिकित्सालय में भर्ती कराया था। लड़की ने होश में आने के बाद गांव के दो लोगों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया था।