यह दृश्य शुक्रवार की शाम को लखनऊ में उस वक्त दिखा जब सूरज की गरमी ने पारे का आकड़ा 44 पार कर लिया था। यूं तो सड़कों पर सन्नाटा था, लेकिन सोनाक्षी के आने की सूचना पहले ही लोगों को मिल गई थी तो भरी दोपहरिया का सन्नाटा टूट चुका था। लोग सोनाक्षी के जुलूस में शामिल होते जा रहे थे।
दरअसल सूबे की राजधानी लखनऊ से सपा-बसपा-रालोद गठबंधन की उम्मीदवार पूनम सिन्हा के समर्थन में उनकी बेटी और फिल्म स्टार सोनाक्षी सिन्हा ने रोड शो किया। उनके साथ उनकी मां पूनम सिन्हा, सपा नेता अभिषेक मिश्रा समेत तमाम नेता यहां मौजूद थे। पूनम केन्द्रीय गृह मंत्री भाजपा नेता राजनाथ सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ रही हैं। उल्लेखनीय है कि इससे पहले पूनम के नामांकन के वक्त हुए रोड शो में पूनम के पति शत्रुघ्न सिन्हा भी मौजूद रहे थे। सुनाक्षी का रोड शो लखनऊ के हजरतगंज चौराहे से शुरू हुआ। उनको देखने के लिए हजरतगंज चौराहे पर जाम लग गया। हर उम्र के लोग सोनाक्षी को देखने के लिए उतावले दिखे।
सोनाक्षी का रोड शो हजरतगंज चौराहे से शुरू होने के बाद मेफेयर सिनेमा के सामने से होते हुए नावेल्टी सिनेमा के सामने पहुंचा। तब तक सूरज की गर्मी कुछ और कम हो गई थी, लेकिन इस रोड शो के साथ राजधानी का सियासी पारा जरूर बढ़ गया। जनता सोनाक्षी की एक झलक पाने के लिए पूरी तौर से जूझी पड़ी थी। सोनाक्षी भी गाड़ी में आगे खड़े होकर लोगों का अभिवादन स्वीकार कर रही थी। नावेल्टी टाकीज में लगे फिल्म पोस्टर को देखते ही सोनाक्षी ने से जनता चिल्लाकर कहना शुरू कर दिया कि उन्होंने उनकी फिल्म दबंग यहीं देखी थी। इतना सुनने के बाद रंगीन चश्मा लगाए सोनाक्षी ने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।
इसके बाद रोड शो लालबाग होते हुए कैसरबाग चौराहे पहुंचा। वहां तो हालत यह हो गई कि एक इंच भी चलना मुश्किल हो गया। पूरे रास्ते दुकानदार अपनी दुकाने छोड़कर सोनाक्षी को हाथ हिलाने में जुट गए थे। यहीं रास्ते में नगर भाजपा का दफ्तर है। उस बिल्डिंग से लोग झांकते दिखाई दिए। सोनाक्षी के निकलने की सूचना मिलते ही इस क्षेत्र के लोगों ने गरमी परवाह नहीं की। जोश में सड़कों पर उसे देखने के लिए निकले फिर जुलूस में शामिल हो गए। कैसरबाग अमीनाबाद मौलवीगंज का हाल ऐसा था कि लोग छज्जों से लटके हुए सोनाक्षी को हाथ हिला रहे थे। रोड शो यहां से विक्टारिया स्ट्रीट पहुंचा और अंत में बड़े इमामबाड़े के आगे घंटाघर पर सभा के रूप में बदल गया। इस बीच पूरा शहर सोनाक्षी का दीवाना दिखा, लगा जैसे लोग गा रहे हों- तेरे मस्त मस्त दो नयन, ले गए दिल का चैन…।