लखनऊ

सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव का निधन, UP में तीन दिन का राजकीय शोक

Mulayam Singh Yadav Death : समाजवादी पार्टी संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने गुरुग्राम के मेदांता हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली है। इसकी जानकारी अखिलेश यादव ने खुद दी है।

लखनऊOct 10, 2022 / 11:35 am

lokesh verma

Mulayam Singh Yadav Death : समाजवादी पार्टी संरक्षक व तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) का निधन हो गया है। उन्होंने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने खुद ट्वीट करके इसकी जानकारी दी है। अखिलेश यादव ने ट्वीट करते हुए लिखा है कि मेरे आदरणीय पिता जी और आप सबके नेताजी नहीं रहे। मुलायम सिंह के निधन की जानकारी मिलते ही पूरे यूपी में शोक की लहर दौड़ गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मुलायम सिंह के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने प्रदेश में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है।
बता दें समाजवादी पार्टी संरक्षक मुलायम सिंह यादव एक हफ्ते से गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती थे। मेदांता अस्पताल ने रविवार को ही उनका हेल्थ बुलेटिन जारी करते हुए बताया था कि वह आईसीयू में भर्ती हैं। जहां विशेषज्ञों की टीम लगातार नेता जी की निगरानी कर रह रही है। हेल्थ बुलेटिन में बताया गया था कि उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हो रहा है। उनकी हालत नाजुक है, इसलिए उन्हें जीवन रक्षक दवाओं पर रखा गया है। इसके बाद सोमवार सुबह 8 बजकर 16 मिनट पर मुलायम सिंह यादव ने मेदांता हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली है।
https://twitter.com/samajwadiparty/status/1579323802483556352?ref_src=twsrc%5Etfw
यूपी में दौड़ी शोक की लहर

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जैसे ही ट्वीट करते हुए मुलायम सिंह यादव के निधन की जानकारी दी तो पूरे यूपी में शोक की लहर दौड़ गई। सपा समर्थकों के साथ तमाम लोग अपनी संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।
अगस्त से लगातार गिर रहा स्वास्थ्य

दरअसल, मुलायम सिंह यादव की तबीयत तीन साल से नासाज थी। उन्हें हर महीने में दो-तीन बार जांच के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ता था। इस साल अगस्त के महीने से उनका स्वास्थ्य लगातार गिर रहा था। वहीं पिछले हफ्ते तबीयत ज्यादा खराब होने पर उन्हें फिर से गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। तभी से अखिलेश यादव भी परिवाार के साथ गुरुग्राम में ही उनके इलाज की पल-पल की जानकारी ले रहे थे।

Hindi News / Lucknow / सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव का निधन, UP में तीन दिन का राजकीय शोक

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.