लखनऊ. लोकसभा चुनाव 2019 को लेकर गहमागहमी तेज हो गयी है। समाजवादी पार्टी भी पूरे एक्शन में दिखाई दे रही है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ मिलकर चुनावी रणनीति बनाना शुरू कर दिया है। संगठन को मजबूत बनाने के लिए अखिलेश यादव ने पार्टी के तमाम नेताओं से मिलना शुरू कर दिया है। इसके तहत अखिलेश यादव ने आज को लखनऊ में पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक बुलाई है। लोकसभा चुनाव 2019 को लेकर पार्टी की अहम फैसले इस बैठक में लिए जाएंगे। बैठक में बसपा मुखिया मायावती के गठबंधन संबंधी दिए गये बयान के मद्देनजर अपनी रणनीति पर मंथन करेगी। लोकसभा के साथ ही मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव में गठबंधन पर र्चचा होगी। सपा कार्यकारिणी की बैठक राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की अध्यक्षता में होगी।