लखनऊ. शनिवार से कोरोना (Corona) को मात देने के लिए टीकाकरण अभियान की शुरुआत होने जा रही है। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह (Jay Pratap Singh) ने एक दिन पूर्व शुक्रवार को प्रेस वार्ता कर इससे संबंधित जरूरी जानकारियां दी साथ ही स्पष्ट कहा कि कोई कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, टीकाकरण निर्धारित चरणों के अनुसार ही होगा। पहले चरण में नौ लाख स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया जाएगा, इसमें पहले दिन राज्य के 31,700 स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन लगाई जाएगी। को-विन पोर्टल पर सभी स्वास्थ्य कर्मियों की जानकारी अपडेट कर दी गई है। एसएमएस के जरिए उन्हें सूचना भेजी गई है। इस अभियान में कोविशील्ड व कोवैक्सीन दोनों एक ही साथ लगाए जाएंगे। अगली डोज वैक्सीनेशन के 28 दिन बाद दी जाएगी। वहीं डोज लगने के 14 दिन बाद शरीर में कोरोनावायरस के प्रति एंटीबॉडीज पैदा होगा।