scriptQuick Read: यूपी के नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन का स्कार्ट वाहन हादसे का शिकार | uttar pradesh news quick read | Patrika News
लखनऊ

Quick Read: यूपी के नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन का स्कार्ट वाहन हादसे का शिकार

यूपी के नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन (Ashutosh Tondon) का स्‍कार्ट वाहन प्रयागराज में हादसे का शिकार हो गया।

लखनऊApr 09, 2021 / 05:03 pm

Karishma Lalwani

Quick Read: यूपी के नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन का स्कार्ट वाहन हादसे का शिकार

Quick Read: यूपी के नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन का स्कार्ट वाहन हादसे का शिकार

यूपी के नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन का स्कार्ट वाहन हादसे का शिकार

प्रयागराज. यूपी के नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन (Ashutosh Tondon) का स्‍कार्ट वाहन प्रयागराज में हादसे का शिकार हो गया। हादसा शुक्रवार सुबह मंत्री के लखनऊ से वाराणसी जाने के बीच लालगोपालगंज में हुआ। सुबह करीब साढ़े 11 बजे मंत्री के साथ चल रहे एस्कॉर्ट वाहन लालगोपालगंज के राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित अंधियारी गांव पहुंची थी। अचानक सामने से आ रहा एक बाइक सवार चपेट में आ गया। बाइक में टक्‍कर मारने के बाद एस्कॉर्ट वाहन सड़क किनारे जाकर पलट गया। एस्कॉर्ट चालक रामप्रकाश, दीवान बृजेश सिंह और होमगार्ड रामबाबू कुशवाहा स्‍कार्ट वाहन के नीचे दब गए। हादसे के बाद वहां मौजूद लोगों ने आनन-फानन में एस्‍कार्ट वाहन के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। पुलिस को सूचना देने के बाद निजी वाहन से बाइक सवार समेत स्‍कार्ट वाहन सवार तीन जख्‍मी लोगों को कौडि़हार स्थित सामुदायिक स्‍वास्‍थ्‍य केंद्र में भर्ती कराया गया।
चार पंचायत कर्मियों पर गैंगरेप का आरोप

बलरामपुर. रेहराबाजार थाना क्षेत्र में एक महिला ने चार पंचायत कर्मियों पर गैंगरेप का आरोप लगाया है। 35 वर्षीया महिला का कहना है कि वह किसी कार्य से गोंडा गई थी। ग्राम पंचायत सचिव ने उसे फोन करके शाम को रेहराबाजार बुलाया। ग्राम पंचायत सचिव ने अपने एक साथी को बाइक से भेजकर महिला को अपने घर बुलवाया। आरोप है कि महिला को कोल्ड ड्रिंक में नशे की दवा मिलाकर पिला दी गई। बेहोशी की हालत में उसके साथ चार पंचायत कर्मियों ने बारी-बारी से दुष्कर्म किया। देर रात उसका मोबाइल छीनकर भगा दिया। स्थानीय लोगों व यूपी डायल 112 पुलिस की मदद से महिला रेहराबाजार थाना गई। पुलिस ने महिला पर सुलह-समझौता करने का दबाव बनाया। इसके लिए तैयार न होने पर प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार सिंह ने उसे शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया। मामला एसपी हेमंत कुटियाल तक पहुंचने के बाद उन्होंने कहा कि आरोपितों सभी पंचायत कर्मियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
कुआं खोदते समय मिट्टी धसकी, दो की मौत

महोबा. जनपद के महुआ बांध गांव निवासी मन्नू नामक किसान के खेत में कुएं की मरम्मत के दौरान ऊपर बनी दीवार गिरने से दौ की मौत हो गई। इसी दौरान झटका लगने से पास में खड़े दो मजदूर भी कुआं में नीचे जा गिरे। घटना होते ही वहां मौजूद मजदूरों ने आवाज देकर मदद के लिए लोगों को बुलाया। कुछ ही देर में वहां पुलिस भी पहुंच गई। रस्सी के सहारे ग्रामीणों ने कुआं से दोनों मजदूरों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। किसान मन्नू के खेत में काफी पुराना कुआं है। उसकी पक्की चुनाई का काम वह करीब चार-पांच दिन से करवा रहे थे। इसमें गांव के ही मजदूर लगे थे। बताते हैं कि कुआं करीब चालीस फीट गहरा है। उसकी गहराई बढ़ाने के लिए खोदाई भी हो रही थी। शुक्रवार को कुआं की जगत अचानक भरभरा कर गिर गई। उसी के सहारे खड़े गांव के मजदूर 42 वर्षीय रामसेवक, व 30 वर्षीय ग्यासी भी नीचे जा गिरे। उनके ऊपर से ही ईंट-पत्थर आदि भी गिर गए। अन्य मजदूर बाल-बाल बच गए।
पुलिस मुठभेड़ में महंत की हत्या के आरोपी गिरफ्तार

अयोध्या. अयोध्या के नागा साधु महंत कन्हैया दास की हत्या में वांटेड अपराधी अखिलेश सिंह को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि उसके पैर में गोली लगी है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। अयोध्या कोतवाली के अचारी सगरा भरतकुंड मार्ग पर क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम से अखिलेश की मुठभेड़ हुई थी। बिहार के समस्तीपुर में भी हत्या के एक मामले में वह फरार चल रहा था। अखिलेश सिंह समस्तीपुर का रहने वाला है। अयोध्या में वह किराए पर रह रहा था। इससे पहले पुलिस ने मुख्य आरोपी शशिकांत के साथ उसके भाई अंश मिश्रा को हत्या में प्रयुक्त वाहन व ईंटों के साथ गिरफ्तार किया था। शशिकांत दास उर्फ गोलू मृतक महंत कन्हैया दास का गुरु भाई था। दोनों के गुरु रामबरन दास की तीन साल पहले एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। दोनों के बीच आश्रम की संपत्ति व एक्सीडेंट के क्लेम के सात लाख रुपये को लेकर विवाद चल रहा था। इसको लेकर शशिकांत ने शिवरात्रि के दिन महंत की हत्या करने की योजना बनाई थी।
दुर्लभ प्रजाति के कछुए बरामद

बहराइच. बहराइच की कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार सुबह प्रतिबंधित व दुर्लभ प्रजाति के कछुओं और शिकार करने के उपकरणों सहित चार वन्यजीव शिकारी तस्करों को गिरफ्तार किया। नगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक निखिल श्रीवास्तव ने कहा कि शहर के झिंगहाघाट मोड़ पर पुलिस टीम ने चार तस्करों को प्रतिबंधित दुर्लभ प्रजाति के शिकार कर लाए गये एक- एक जीवित कछुओं व उनको पकड़ने के दो लोहे के उपकरणों सहित गिरफ्तार किया। कछुओं के साथ पकड़े गये शिकारी तस्कर शेरू कुमार, पिंटू, अजय और अनिल शहर के मंसूरगंज इलाके के रहने वाले हैं। आरोपी बरामद कछुओं को तस्करी कर जिले के बाहर ले जा रहे थे। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 और भारतीय वन अधिनियम 1927 की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत कोतवाली नगर में मामला दर्ज कर उन्हें अदालत के माध्यम से जेल भेज दिया।
https://www.dailymotion.com/embed/video/x80i5tt

Home / Lucknow / Quick Read: यूपी के नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन का स्कार्ट वाहन हादसे का शिकार

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो