scriptQuick Read: यूपी में सांप काटने पर होने वाली मौत आपदा घोषित, मृतक के परिवार को 4 लाख की आर्थिक मदद | uttar pradesh top news | Patrika News
लखनऊ

Quick Read: यूपी में सांप काटने पर होने वाली मौत आपदा घोषित, मृतक के परिवार को 4 लाख की आर्थिक मदद

योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश में सर्पदंश से होने वाली मौतों को राज्य आपदा घोषित कर दिया है। यानी अब सांप के काटने से यदि किसी की मृत्यु होती है तो वह सरकारी मुआवजे का हकदार होगा।

लखनऊJul 10, 2021 / 05:21 pm

Karishma Lalwani

Quick Read: यूपी में सांप से काटने पर होने वाली मौत आपदा घोषित, मृतक के परिवार को 4 लाख की आर्थिक मदद

Quick Read: यूपी में सांप से काटने पर होने वाली मौत आपदा घोषित, मृतक के परिवार को 4 लाख की आर्थिक मदद

यूपी में सांप से काटने पर होने वाली मौत आपदा घोषित

लखनऊ. योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश में सर्पदंश से होने वाली मौतों को राज्य आपदा घोषित कर दिया है। यानी अब सांप के काटने से यदि किसी की मृत्यु होती है तो वह सरकारी मुआवजे का हकदार होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर शासन ने राज्य के सभी जिलाधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं, जिसके मुताबिक अब सर्पदंश के मृतक के परिवार को सरकार की ओर से 4 लाख रुपए की आर्थिक मदद दी जाएगी। इस आदेश के मुताबिक सर्पदंश के मृतक के आश्रितों को आर्थिक सहायता के लिए विभागों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। घटना के 7 दिनों के भीतर उन्हें तय सरकारी मुआवजे की राशि दे दी जाए, यह सुनिश्चित करना जिलाधिकारी का काम होगा।
पत्नी की हत्या कर दीवान में छुपाया शव

लखनऊ. रहीमनगर में घरेलू कलह में पति ने पत्नी की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपित ने शव को दीवान में छिपा दिया और फरार हो गया। दो दिन बाद कमरे से तेज बदबू आने पर लोगों को संदेह हुआ। इसके बाद महानगर पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस कमरे में दाखिल हुई और दीवान खोला तो भीतर महिला का लहूलुहान शव पड़ा था। इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार सिंह के मुताबिक रहीमनगर निवासी मोनू राजपूत की शादी अंजू से दो साल पहले हुई थी। मोनू ने दो दिन पहले अंजू की हत्या कर दी थी। मोनू को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि सात जुलाई को खाना बनाने को लेकर उसका अंजू से विवाद हो गया था। कहासुनी के दौरान उसने अंजू को थप्पड़ मार दिया था। इससे वह बेहोश हो गई थी, जिसे उसने दीवान में बंद कर दिया था और भाग निकला था। आरोपित ने कहा कि उसने गुस्से में धारदार हथियार से हमला कर अंजू को मौत के घाट उतार दिया था। शव छिपाने के लिए उसने दीवान में उसे रख दिया और अयोध्या चला गया था।
छेड़छाड़ की शिकायत पर सिरफिरे ने उखाड़े युवती के बाल

कन्नौज. लगातार छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने वाले युवक से परेशान युवती जब शिकायत करने उसके घर गई तो उस सिरफिरे ने मारपीट की। युवती के बाल उखाड़ लिए। दरअसल, पुलिस कार्यालय में इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती मां के साथ पहुंची। युवती ने एसपी को उखड़े हुए बाल दिखाते हुए बताया कि गांव का एक युवक उसे अकेला पाकर तंग करता है और अश्लील हरकतें करता है। यहां तक कि खेत पर भी काम नहीं करने देता। लोकलाज के भय से उसने यह बात किसी को नहीं बताई। उसने खेतों में भी नुकसान किया। जब वह शिकायत करने आरोपित के घर गई तो उसे पकड़ लिया और मारपीट कर उसके बाल उखाड़ लिए। इस घटना के बाद वह थाना इंदरगढ़ पहुंची तो पुलिस ने उसकी बात नहीं सुनी, उसके ऊपर ही समझौता करने का दबाव बनाया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा ने इंदरगढ़ थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह को युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
रनिंग रूम में महिला कर्मी के साथ छेड़छाड़

लखनऊ. रनिंग रूम में ट्रेन चालक ने चपरासी से छेड़खानी कर दी। लखनऊ से नई दिल्ली जाने वाली एसी एक्सप्रेस के चालक पीसी शुक्ला (रोजा मुख्यालय) ट्रेन लेकर मुरादाबाद पहुंचे। ड्यूटी समाप्त करने के बाद चालक विश्राम करने के ल‍िए लोको रनिंग रूम में पहुंचा। तभी वहां तैनात रेलवे की महिला चपरासी ने शोर मचाना शुरू कर दिया। महिला ने चालक पीसी शुक्ला पर छेड़खानी करने का आरोप लगाया और स्टेशन अधीक्षक समेत अन्य से शिकायत की। जबकि चालक पीसी शुक्ला ने महिला चपरासी के आरोप को गलत बताया। कोई कार्रवाई नहीं हुई तो महिला चपरासी इस मामले को लेकर डीआरएम ऑफिस के महिला कर्मियों के पास पहुंच गई।डीआरएम ऑफिस की महिलाएं एकत्रित हो गईं और प्रवर मंडल यांत्रिक अभियंता (ओ एंड एफ) के कमरे के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी महिला शांत हुई।
बिठूर में गोली मारकर महिला की हत्या

कानपुर. उत्तर प्रदेश में कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र में (29) वर्षीय शशि उर्फ अंगूरी गौतम की छत पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। सूचना पाकर बिठूर पुलिस और एसीपी कल्याणपुर दिनेश शुक्ला मौके पर पहुंचे।फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की टीम ने मौके पर पहुच जांच पड़ताल की। मृतका के भाई सुनील ने बताया बहन की शादी ग्राम भटौली थाना अरियारी औरया में शादी हुई थी। पति संतोष से करीब सात साल से विवाद चल रहा था। मृतका के तीन बेटे अमित (13), मंगली (11) और शनि (8) हैं। मृतका पति से विवाद के बाद अपने मायके सिंहपुर शिवली कानपुर देहात में रहने लगी थी। बीते दो साल से वह दो बेटों अमित और शनि के साथ बिठूर के मकसूदाबाद में मकान बनवा रह रही थी। एक बेटा मंगली पति सन्तोष के साथ औरैया में रहता है। पड़ोस में रहने वाले बबलू शर्मा ने बताया रात को शशि घर की छत पर ही सो रहा था। करीब दो बजे उन्होंने गोली चलने की आवाज सुनी थी। देर रात तक उन्होंने महिला को मोबाइल चलाते हुए देखा था।
सामूहिक दुष्कर्म से पीड़ित महिला ने की खुदकुशी

गोरखपुर. सामूहिक दुष्कर्म के आरोपियों की प्रताड़ना से तंग आकर एक विवाहिता ने खुदकुशी कर ली। आरोप है कि पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म के मामले में जिनके खिलाफ केस दर्ज किया था, उनकी गिरफ्तारी न होने से महिला अवसाद में थी। विवाहिता के पास से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने मौत के लिए आरोपियों की प्रताड़ना को जिम्मेदार बताया। बांसगांव थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर दी है कि पड़ोसी गांव गजारी के मनीष यादव व सचिन यादव, प्रिंस यादव, शुभम यादव, उदयभान यादव और ग्राम डाड़ी रावत निवासी अपने ननिहाल में रहने वाले अभिजीत प्रजापति ने उसकी पत्नी और बहन के साथ महीनों पूर्व सामूहिक दुष्कर्म करने के साथ ही मोबाइल से वीडियो बना लिया था। अभिजीत व अन्य आरोपी वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसकी पत्नी और बहन के साथ इसके बाद भी दुष्कर्म कर रहे थे। इससे तंग आकर विवाहिता ने फांसी लगाकर जान दे दी। बांसगांव सीओ श्यामदेव ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद की मौत की वजह पता चल पाएगी।
डॉ.केके मिश्रा अपहरण कांड का आरोपी 14 साल बाद गिरफ्तार

गोरखपुर. गोरखपुर के शाहपुर इलाके के रहने वाले डॉक्टर केके मिश्रा के अपहरण के आरोपित अभोरिक यादव को 14 साल बाद गोरखपुर क्राइम ब्रांच और खोराबार पुलिस ने बानपोखर मंदिर के आगे फोरलेन अण्डरपास के नीचे से गिरफ्तार किया। मऊ जिले के मधुबन का रहने वाला अभोरिक किसी वारदात को अंजाम देने गोरखपुर आया था। वर्ष 2007 से फरार चल रहे अभोरिक पर गोरखपुर पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम रखा था। इस कांड में अन्य आरोपित पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। हालांकि उसका एक साथी अजीज अहमद अभी भी फरार है। उसके ऊपर भी 50 हजार का इनाम घोषित है। शाहपुर के गीतावाटिका रोड पर रहने वाले डॉक्टर केके मिश्रा छह मार्च 2007 को अपनी कार से चौरीचौरा के सरदारनगर से मरीज देकर लौट रहे थे। कुसम्ही जंगल में बदमाशों ने उनका अपहरण कर लिया था।

Home / Lucknow / Quick Read: यूपी में सांप काटने पर होने वाली मौत आपदा घोषित, मृतक के परिवार को 4 लाख की आर्थिक मदद

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो