कुलपहाड़ के कठवरिया मोहल्ले में हुई सनसनीखेज वारदात जानकारी के अनुसार महोबा जिले के कुलपहाड़ के कठवरिया मोहल्ले में कल्याण सिंह मकान के कमरे में पत्नी सोनम, बच्चों 11 वर्षीय विशाल, नौ साल की आरती, सात साल की अंजली के साथ रहता था। कल्याण सिंह मजदूरी और खेती करके परिवार का पालन पोषण कर रहा था और शुक्रवार की शाम खाना खाने के बाद वह खेतों में पानी लगाने गया था। वह रात में खेतों पर ही रुक गया था। सुबह जब घर लौटा तो दरवाजा बंद मिला। इसपर उसने पत्नी सोनम को आवाज दी लेकिन काफी देर तक कोई आवाज न मिलने पर वह पड़ोसी के मकान से होते अपने घर की छत पर गया। मकान के अंदर जाकर देखा तो कमरे में फंदे पर पत्नी 33 वर्षीय सोनम लटकी हुई थी और पास में ही पुत्र 11 वर्षीय विशाल का रक्त रंजित शव पड़ा था। चारपाई पर नौ साल की आरती और सात साल की अंजली पर रजाई ओढ़ाई गई थी।
पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शवों को कब्जे में लिया घटना की जानकारी होते ही पूरे मोहल्ले में सनसनी फैल गई और लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। कल्याण के घर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा और कमरे में दाखिल हुई। चारपाई पर दोनों बेटियों के शव खून से लथपथ पड़े मिले। बच्चों की गला रेतकर हत्या की गई थी। पुलिस ने तलाशी ली तो खून से सना टूटा हुआ हंसिया भी पड़ा मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने मोहल्ले और आसपास के लोगों से पूछताछ की। प्रारंभिक जांच के बाद बच्चों की गला रेतकर हत्या के बाद महिला ने फांसी का फंदा लगा कर आत्महत्या की है।
पति पर शक करना हो सकता है हत्याकांड का कारण वहीं पुलिस की पूछताछ में एक बात सामने आ रही है कि कल्याण पर उसकी पत्नी शक करती थी। मोहल्ले के लोगों ने दबी जुबान में बताया कि सोनम को पति के चरित्र पर संदेह था, उसे लगता था कि पति कल्याण के किसी दूसरी महिला से संबंध हैं। इसे लेकर अक्सर उसका पति से घर पर झगड़ा भी होता रहता था। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं को लेकर मामले की जांच में जुटी है। वहीं घटना के बाद से कुलपहाड़ कस्बे के लोग स्तब्ध है।