मूलरूप से सौरिख (कन्नौज) निवासी प्रदीप जयपुर (राजस्थान) में निजी काम करता है। वह भी मान ट्रेवल्स की बस में कन्नौज के लिए रवाना हुआ था। चलने से पूर्व उसने अपनी भाभी रजनी देवी को वीडियो कॉल किया। जयपुर से चलने की सूचना दी। यह भी कहा कि रक्षाबंधन के बाद ही जयपुर लौटेगा। भाभी रजनी देवी खुश थी। उसने प्रदीप के आने की सूचना अपने पड़ोसियों को भी दी। सुबह पांच बजे तक जब प्रदीप नहीं आया, चिन्ता हुई। फोन लगाया लेकिन नहीं लगा। इस बीच मैनपुरी-इटावा रोड पर बस के दुर्घटनाग्रस्त होने के फोटो वायरल हुए। पड़ोसी ने रजनी को बताया कि जिस बस से प्रदीप आ रहा था, वह तो दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। कई लोगों की मौत हुई है।
रजनी अपने पति को लेकर जिला अस्पताल मैनपुरी आई। पोस्टमार्टम हाउस पर उसने अपने प्यारे देवर की लाश देखी तो चीख पड़ी, बदहवास हो गई। रोते-रोते बेहोश हो गई। यह दृश्य देखकर हर किसी का आंख में आंसू आ गए। यही हाल मोहर्रम के भाई अय़ूब का था। मोहर्रम ईद मनाने के लिए कन्नौज लौट रहा था।
मंडलायुक्त के राममोहन राव और पुलिस महानिरीक्षक राजा श्रीवास्तव ने जिला अस्पताल मैनपुरी का दौरा किया। उन्होंने मुआवजा तत्काल दिलाने जाने का भरोसा दिलाया। इमरजेंसी में दवाओं का इन्तजाम किया गया। छह घायलों को सैफई मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। सैफई से एम्बुलेंस भी मंगाई गई।