खेत में पड़ा मिला शव
कस्बा करहल में शाम को देवी रोड स्थित मां दुर्गा देवी मंदिर के पास खेत में युवक का शव पड़ा मिला। स्थानीय लोगों इसकी सूचना थाना पुलिस दी। जिसके बाद एसएसआई जितेंद्र सिंह अपने साथी पुलिसकर्मियों के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने छानबीन कर लोगों से जानकारी जुटाई। शव की शिनाख्त अनुराग यादव पुत्र कैलाश चन्द्र निवासी नगला टांक थाना करहल के रूप में हुई।
परिवार में इकलौता था युवक
सूचना मिलते ही मृतक युवक के परिजन पहुंच गए। जिनका रो रोकर बुरा हाल था। बताया गया है कि अनुराग पांच बहनों में अकेला भाई था। मृतक अनुराग के कनपटी पर गोली लगी थी। वो बीएससी का छात्र था। अनुराग ने आत्महत्या की है या उसकी हत्या हुई है इसका कुछ पता नहीं चल सका है। शव के पास देशी पिस्टल और शराब बियर की बोतलें भी पड़ी मिली हैं। इलाके में शव मिलने के बाद से तरह तरह की चर्चाएं हो रही है। कोई घटना को हत्या तो कोई आत्महत्या बता रहा है। कुछ लोग प्रेम प्रसंग से भी जोड़कर देख रहे हैं।
जांच में जुटी पुलिस
इस संबंध में एसएसआई जितेंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि मौत की वजह क्या थी। फिलहाल सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।