scriptलॉकडाउन ने बढ़ा दिया रिकवरी ग्राफ | Lockdown increased recovery graph | Patrika News

लॉकडाउन ने बढ़ा दिया रिकवरी ग्राफ

locationमंडलाPublished: May 07, 2021 12:01:17 pm

Submitted by:

Mangal Singh Thakur

कोविड की चेन टूटने से पॉजिटिविटी की दर सिमटी 5 तक

Lockdown increased recovery graph

Lockdown increased recovery graph

मंडला. जिले में जिस गति से अप्रैल माह में कोरोना का संक्रमण बढ़ा था। ठीक उसी तेजी से अब मरीजों के स्वस्थ होने का आंकड़ा बढ़ रहा है। यह और भी अधिक महत्वपूर्ण इसीलिए हो जाता है क्योंंकि कोविड 19 की चपेट में आने वालों का आंकड़ा भी घट रहा है। इसकी वजह बताई जा रही है टोटल लॉकडाउन। 8 अप्रैल से इसकी शुरूआत हुई, पहले आंशिक और फिर 22 अप्रैल से 30 अप्रैल के बीच टोटल लॉकडाउन किए जाने से लोगों का एक दूसरे से मिलने का क्रम टूटा, आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाए जाने से लोग एक स्थान से दूसरे स्थान तक सीमित संख्या में पहुंचे, प्रशासन की सख्ती और पुलिस की सक्रियता ने लॉकडाउन को काफी हद तक सफल बनाया। जिसका नतीजा अब सामने आने लगा है कि कोविड 19 की चपेट में आने वालों की दर घटकर 4.84 रह गई है। दूसरी ओर कोविड 19 की चपेट में आने वालों के पूर्ण स्वस्थ होने का आंकड़ा भी तेजी से बढ़ा नतीजा यह रहा कि रिकवरी रेट 87.36 तक जा पहुंचा है। जिले भर में 546 एक्टिव केस हैं जिनका इलाज चिकित्सकों की निगरानी में किया जा रहा है।
उलट थी अप्रैल की स्थिति
मई 2021 में कोविड 19 से पीडि़त व्यक्तियों के स्वस्थ होने का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। जबकि ठीक पिछला अप्रैल का महीना बेहद भयावह रहा। वर्ष 2020 के मार्च महीने से वर्ष 2021 के मार्च महीने तक एक वर्ष की अवधि के दौरान जितने मरीज पूरे जिले में कोरोना संक्रमण की चपेट में आए उससे लगभग दोगुने लोग वर्ष 2021 के सिर्फ अप्रैल माह के 30 दिनों के दौरान कोविड 19 से संक्रमित हो गए। मार्च 2020 से मार्च 2021 के बीच एक वर्ष की अवधि में जिले भर में कोविड 19 से पीडि़त होने वालों की कुल संख्या 1322 रही। जबकि 1 अप्रैल 2021 से 30 अप्रैल 2021 के बीच महज एक महीने में कोविड 19 की चपेट में आने वालों के आंकड़े 2437 तक जा पहुंची। पिछले एक वर्ष में जिले भर में कोविड 19 से मरने वालोंं की संख्या 10 रही। जबकि अप्रैल 2021 के एक महीने में 04 लोगों की मौत हो गई।
गांव गांव दौड़ रही आरआरटीम
जिले भर में कोविड 19 की चपेट में आए हुए मरीज फैले हुए हैं। लगातार मिल रही जानकारियों के आधार पर स्वास्थ्य विभाग की रैपिड रिस्पांस टीम एक गांव से दूसरे गांव भाग रही है। जिले में 14 आरआरटीम का गठन किया गया है। जो तत्काल उस स्थान पर पहुंच कर संदिग्ध लोगों की जांच पड़ताल के साथ उपचार कर रही है। जिनमें कोविड 19 का संक्रमण पाया जा रहा है। जिले भर में अलग अलग विकासखंडों में 519 कोविड 19 के मरीज होम आइसोलेशन में है। इनके उपचार का बीड़ा आरआरटीम के अलावा मोबाइल मेडिकल टीम पर भी है। जिले में कोविड 19 के मरीजों के उपचार के लिए 10 मोबाइल मेडिकल टीम का गठन किया गया है। जो बीमारों का उपचार कर रही है। यही कारण है कि जिले भर में कोविड 19 से पीडि़त व्यक्तियों के स्वस्थ होने का आंकड़ा बढ़ा है।
होम आइसोलेशन में पॉजिटिव मरीजों की संख्या 519
पॉजिटिविटी दर 4.84
रिकवरी दर 87.36
जिले में रैपिड रिस्पॉस टीम 14
मोबाइल मेडिकल टीम 10
कुल सैंपल 87 हजार 394
कुल संक्रमित 4231
डिस्चार्ज 3669
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो