नई दिल्ली। विदेशी बाजार से मिलने वाले संकेतों से इस सप्ताह घरेलू शेयर बाजार की चाल तय होगी, खासतौर से अमेरिका और चीन के बीच व्यापारिक मसलों को सुलझाने की दिशा में होने वाली प्रगति पर बाजार की नजर रहेगी। वहीं, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों और घरेलू संस्थागत निवेशकों के निवेश के प्रति रुझान से भी बाजार को दिशा मिलेगी। इसके अलावा, अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के भाव और डॉलर के मुकाबले रुपये की चाल से भी बाजार की दिशा तय होगी। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल का भाव बीते सप्ताह तकरीबन दो महीने के ऊंचे स्तर पर चला गया था। कच्चे तेल का दाम बढ़ने से रुपये में कमजोरी आ सकती है जिसका असर शेयर बाजार पर देखने को मिलेगा। पिछले सप्ताह के आखिर में देसी मुद्रा में सुधार देखने को मिला था।