scriptरुपए के मजबूत होते ही लुढ़क गए सोना-चांदी, इतनी घट गई कीमत | Gold Silver Update 13 September: gold silver price down | Patrika News
कारोबार

रुपए के मजबूत होते ही लुढ़क गए सोना-चांदी, इतनी घट गई कीमत

13 सितंबर 2018 को सोना-चांदी का बाजार भाव।

Sep 13, 2018 / 07:34 pm

Manoj Kumar

Gold and silver price

GOLD PRICE

नई दिल्ली। डॉलर के मुकाबले रुपये में लौटी तेजी से दिल्ली सर्राफा बाजार में 13 सितंबर को सोना 25 रुपए टूटकर 31,600 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। चांदी भी 10 रुपए की मामूली नरमी के साथ 37,900 रुपए प्रति किलोग्राम पर रही। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोने में बुधवार को बड़ी तेजी रही और यह करीब दो सप्ताह के उच्चतम स्तर 1,208.48 डॉलर प्रति औंस पर पहुँच गया। हालांकि, डॉलर की तुलना में रुपए में 51 पैसे के सुधार के कारण गुरुवार को स्थानीय बाजार में सोने में गिरावट रही।
विदेशों में भी गिरे सोने-चांदी के दाम

लंदन से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार को सोना हाजिर 0.40 डॉलर फिसलकर 1,205.75 डॉलर प्रति औंस रहा। इससे पहले बुधवार को इसमें 0.7 फीसदी की तेजी रही थी। दिसंबर का अमरीकी सोना वायदा भी 0.40 डॉलर कमजोर होता हुआ 1,210.50 डॉलर प्रति औंस बोला गया। बाजार विश्लेषकों ने बताया कि अमरीका और चीन के बीच व्यापार युद्ध को सुलझाने के लिए प्रस्तावित वार्ता से पहले निवेशक सावधानी बरत रहे हैं। इस कारण पीली धातु में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ है। वैश्विक स्तर पर चांदी हाजिर 0.02 डॉलर उतरकर 14.19 डॉलर प्रति औंस बिकी।
स्थानीय बाजार में चांदी 37900 रुपए किलो बिकी

स्थानीय बाजार में सोना स्टैंडर्ड 25 रुपए टूटकर 31,600 रुपए प्रति दस ग्राम के भाव बिका। सोना बिटुर भी इतनी ही गिरावट के साथ 31,450 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। आठ ग्राम वाली गिन्नी 24,500 रुपए पर टिकी रही। चांदी हाजिर 10 रुपए की नरमी के साथ 37,900 रुपए प्रति किलोग्राम पर रही। चांदी वायदा 120 रुपए की गिरावट में 37,285 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। सिक्का लिवाली और बिकवाली के भाव गत दिवस के क्रमश: 72 हजार और 73 हजार रुपए प्रति सैकड़ा पर टिके रहे।
दिल्ली सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं के दाम (रुपए में)

– सोना स्टैंडर्ड प्रति 10 ग्राम : 31,600

– सोना बिटुर प्रति 10 ग्राम : 31,450

– चांदी हाजिर प्रति किलोग्राम : 37,900
– चांदी वायदा प्रति किलोग्राम : 37,285

– सिक्का लिवाली प्रति सैकड़ा : 72,000

– सिक्का बिकवाली प्रति सैकड़ा : 73,000

– गिन्नी प्रति आठ ग्राम : 24,500

Home / Business / रुपए के मजबूत होते ही लुढ़क गए सोना-चांदी, इतनी घट गई कीमत

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो