मथुरा में धूल भरी आंधी और तूफान से जहां जनजीवन प्रभावित हुआ है वहीं राया रोड पर उस समय बड़ा हादसा टल गया जब तेज आंधी तूफान के चलते राया सादाबाद मार्ग पर एक पेड़ कार के ऊपर गिर गया, गनीमत ये रही कि जिस समय पेड़ कार के ऊपर गिरा उस समय कार में कोई नहीं था। सभी कार सवार आंधी तूफान को देखते हुए सुरक्षित स्थान पर रुक गए थे और पेड़ गिरने से कुछ समय पहले ही कार से उतरे थे, नहीं तो एक बड़ा हादसा हो जाता। पेड़ गिरने से राया सादाबाद मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया और देखते ही देखते रोड पूरी तरह बंद हो गया। काफी देर तक पेड़ सड़क पर ही पड़ा रहा और रास्ता बंद होता देख स्थानीय लोग अन्य लोगों की मदद से पेड़ को सड़क से हटाने में जुट गए।