scriptबागपत: दिवाली की रात पटाखों की जगह चलीं ताबड़तोड़ गोलियां, दो की मौत, 4 की जान खतरे में | meerut two peole died in firing | Patrika News
मेरठ

बागपत: दिवाली की रात पटाखों की जगह चलीं ताबड़तोड़ गोलियां, दो की मौत, 4 की जान खतरे में

बागपत में दिवाली की रात आपसी विवाद में दो गुटों के बीच झड़प हो गई। फायरिंग के दौरान गोली लगने से दो लोगों की मौत हो गई।

मेरठOct 20, 2017 / 06:40 pm

Ashutosh Pathak

two peole died in firing
बागपत। दिवाली की रात पूरा देश पटाखे जला रहा था। वहीं, बागपत के दोघट थानाक्षेत्र में ताबड़तोड़ गोलियां चल रही थी। जी हां, आपसी विवाद को लेकर दो गुटों के बीच झड़प हो गई, जिसके बाद गोलियां चलनी शुरू हो गईं। इस गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोगों की जान अब भी खतरे में है। यह है पूरा मामला…

जानकारी के मुताबिक, गांगनोली गांव के रहनेवाले सतपाल (60) दिवाली की रात अपने घर के बाहर बैठे थे। तभी गांव के ही रहने वाला दीपक नामक शख्स अपने कुछ साथियों के साथ नशे की हालत में वहां पहुंच गया। वे लोग सतपाल के घर शराब पीने की बात करने लगे। सतपाल ने मना किया तो उनलोगों ने विवाद शुरू कर दिया। धीरे-धीरे विवाद बढ़ता गया और उनलोगों के बीच गाली-गलौच होने लगी। सतपाल ने किसी तरह दीपक और उसके दोस्तों को वहां से भगाया। लेकिन, कुछ ही देर बाद दीपक और उसके साथी हथियारों से लैस होकर फिर सतपाल के घर पहुंच गए और खाट पर बैठे लोगों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दी। उनलोगों ने इतनी गोलियां बरसाई की सतपाल और उनके पड़ोसी सुंदर (45) की मौके पर मौत हो गई, जबकि 4 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी मच गई। देखते ही देखते पूरा गांव सतपाल के घर पहुंच गया। घटना की सूचना लोगों ने तुरंत पुलिस को दी। इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, गोली लगने के कारण घायलों की हालत इतनी नाजुक है कि उन्हें मेरठ रेफर कर दिया गया है। पीड़ित पक्ष ने चार लोगों को नामजद करते हुए थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। लोगों का यह भी कहना है कि सरकारी कुएं की दीवार को लेकर यह घटना हुई है। पुलिस ने इस घटना में कई लोगों को गिरफ्तार भी किया है। फिलहाल, गांवों में तनाव को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है।

Home / Meerut / बागपत: दिवाली की रात पटाखों की जगह चलीं ताबड़तोड़ गोलियां, दो की मौत, 4 की जान खतरे में

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो