
मेरठ। मेरठ में पुलिस का लोगों में कितना खौफ रह गया है, यह जिले के लावड़ कस्बे में देखने को मिली। जहां दबिश देने गई खाकी को महिलाओं ने दौड़ा-दौड़ाकर पीट। पुलिस पशु चोर को पकड़ने के लिए लावड़ में दबिश देने गई थी। पशु चोर असलम का जिले में बड़ा खौफ है। पुलिस को सूचना मिली थी असलम घर पर है। इसी सूचना के आधार पर थाना पुलिस दबिश के लिए लावड़ पहुंची। पुलिस ने असलम को गिरफ्तार किया और वहां से चोरी की एक भैंस भी बरामद की। पुलिस जब असलम को जीप में बैठाकर चल दी। उसी दौरान महिलाओं और युवकों की भीड़ सामने आ गई। पुलिस कर्मी कुछ समझ पाते इसी बीच पुलिस कर्मियों पर चारों ओर से हमला बोल दिया गया।
आरोपी के बेटे की है शादी
हमले में कर्इ पुलिसकर्मी घायल हो गए। इसमें महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। घायलों को दौराला के सीएचसी में भर्ती कराया गया है। लावड़ निवासी असलम के बेटे की गुरूवार को शादी होनी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थी। असलम पर पशु चोरी के कई मामले जिले के विभिन्न थानों में दर्ज हैं। इंचैली पुलिस को सूचना मिली कि असलम घर पर है। इसी सूचना पर पुलिस ने लावड में दबिश दी। पुलिस ने असलम को गिरफ्तार भी कर लिया। उसको लेकर चलने लगी तभी असलम के घर में मौजूद रिश्तेदारों में रोष फैल गया। उन्होंने पुलिस पर हमला कर दिया।
मौके पर पुलिस फोर्स तैनात
पुलिस पर हमले की सूचना के बाद घटनास्थल पर एसपी देहात अविनाश पांडे, एसपी सिटी डा. एएन सिंह, सहित कई थानों का फोर्स और सीओ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने हमले के आरोपी करीब दो दर्जन लोगों को हिरासत में ले लिया, लेकिन लावड़ चेयरमैन के बीच-बचाव के बाद उनको छोड़ दिया गया। एसपी सिटी डा. एएन सिंह ने बताया कि असलम पशु चोर है। उस पर पहले भी कई मुकदमे दर्ज हैं। उसका अन्य आपराधिक रिकार्ड खंगाला जा रहा है। एसपी देहात अविनाश पांडे ने बताया कि असलम और भीड के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। फिलहाल लावड़ में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
Published on:
29 Aug 2019, 10:13 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.