
Coronavirus Testing Kit
नई दिल्ली। ज्यादातर देशों में कोरोना (Coronavirus) संक्रमण का टेस्ट मुफ्त किया जा रहा है। वहीं भारत में प्राइवेट तौर पर जांच कराने पर लगभग साढ़े चार हजार रुपए खर्च करने पड़ रहे हैं। ऐसे में भारतीय वैज्ञानिकों के हाथ लगी बड़ी कामयाबी अब आपकी समस्या को दूर कर सकती है। औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) से जुड़े जिनोमिकी और समवेत जीव विज्ञान संस्थान (आईजीआईबी) के वैज्ञानिकों ने एक पेपर-स्ट्रिप किट (Paper Strip Kit) बनाई है। इसके जरिए टेस्ट आसानी से और जल्दी हो जाएगा। साथ ही इसमें महज 500 रुपए का खर्चा आएगा।
आईजीआईबी के वैज्ञानिक डॉ. सौविक मैती और डॉ. देबज्योति चक्रवर्ती की अगुवाई में टीम ने इस किट को विकसित किया है। यह किट एक घंटे से कम समय में कोरोना वायरस (एसएआरएस-सीओवी-2) के वायरल आरएनए का पता लगा सकती है। डॉक्टरों ने उम्मीद जताई है कि इसके व्यापक प्रयोग से कोरोना जांच से निपटने में मदद मिलेगी।
डॉ. चक्रवर्ती ने यह भी बताया कि संक्रमित व्यक्ति में कोरोना के जीनोमिक अनुक्रम की पहचान के लिए पेपर-किट बहुत उपयोगी है। इस किट को प्रभावशाली बनाने के लिए जीन-संपादन की अत्याधुनिक तकनीक क्रिस्पर-कैस-9 का उपयोग किया गया है। अभी इसका परीक्षण किया जा रहा है। शुरुआती परिणाम उत्साहजनक है। बाद में इसका उपयोग जांच के लिए किया जा सकेगा। वैज्ञानिक इस टूल पर दो साल से काम कर रहे हैं। चीन ने भी कोविड-19 का पता लगाने में इस तकनीक का प्रयोग किया था।
Updated on:
5 Apr 2020, 1:35 PM IST
Published on:
5 Apr 2020, 10:48 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.