scriptजयललिता के लिए दुआएं, सदमे से पार्टी कार्यकर्ता की मौत | jayalalithaa suffers cardiac arrest, RAF on Alert | Patrika News
विविध भारत

जयललिता के लिए दुआएं, सदमे से पार्टी कार्यकर्ता की मौत

जयललिता को दिल का दौरा पडऩे की खबर मिलने के बाद अपोलो अस्पताल के बाहर बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता जमा हो गए।

Dec 05, 2016 / 02:37 pm

विकास गुप्ता

jayalalithaa

jayalalithaa

चेन्नई। मुख्यमंत्री जयललिता को रविवार शाम दिल का दौरा पडऩे के बाद रैपिड एक्शन फोर्स को जरूरत पडऩे पर हवाई मार्ग के जरिये तमिलनाडु पहुंचाने के इंतजाम किए गए हैं। रैपिड एक्शन फोर्स की नौ यूनिट को जरूरत पडऩे पर भेजने के लिए तैयार रखा गया है। हर यूनिट में करीब 100 सुरक्षाबल होते हैं। तमिलनाडु सरकार के वरिष्ठ मंत्री अस्पताल पहुंचने लगे हैं। जयललिता को दिल का दौरा पडऩे की खबर मिलने के बाद अपोलो अस्पताल के बाहर बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता जमा हो गए। हालांकि, एक कार्यकर्ता इस सदमे को बर्दाश्त नहीं कर सका और उसकी मौत हो गई। कडलोर जिले के गांधी नगर में रहने वाले एआईएडीएमके कार्यकर्ता ने बीती रात जया की हालत नाजुक होने की खबर सुनी और उसकी सेहत बिगड़ने लगी। कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। 


अस्पताल के इर्द-गिर्द भारी पुलिस बंदोबस्त किया गया है। अस्पताल के आसपास बैरिकेड लगाए गए हैं और निकट की सड़कों पर पुलिस की मौजूदगी है। कल सोमवार को सभी स्कूल-कॉलेजों को बंद करने का एलान कर दिया है। अपोलो अस्पताल ने बताया कि उनका इलाज किया जा रहा है और विशेषज्ञ डॉक्टर उनकी देखभाल कर रहे हैं। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने तमिलनाडु के राज्यपाल विद्यासागर राव से बातचीत की और जयललिता के स्वास्थ्य के बारे में पूछताछ की। टेलीफोन पर 10 मिनट हुई बातचीत में राव ने सिंह को मुख्यमंत्री के स्वास्थ्य की स्थिति के बारे में जानकारी दी और कहा कि उनका इलाज कर रहे चिकित्सक सभी जरूरी कदम उठा रहे हैं। राव महाराष्ट्र के राज्यपाल हैं और तमिलनाडु का अतिरिक्त प्रभार उनके पास है।

कर्नाटक में सुरक्षा चाक-चौबंद, तमिलनाडु की बस सेवाएं स्थगित 
पड़ोसी राज्य तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जे जयललिता को दिल का दौरा पडऩे के बाद उपजे हालात के मद्देनजर कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु और राज्य के दक्षिणी हिस्से में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गयी। बेंगलुरु के पुलिस आयुक्त एन एस मेघारिक ने बताया कि तमिल भाषी लोगों के रिहायशी इलाकों में संवेदनशील स्थानों पर पुलिस और कर्नाटक राज्य रिजर्व पुलिस की टुकड़यिों को तैनात किया गया है। सीमावर्ती क्षेत्रों में भी सुरक्षा कड़ी की गयी है। 

पुलिस ने बताया कि तमिलनाडु के चेंगम में बदमाशों ने कल रात एक सरकारी बस को निशाना बनाया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बेंगलुरू, रामनगरम और चमाराजनगर जिलों में कर्नाटक और तमिलनाडु को जोडऩे वाले स्थानों पर अतिरिक्त नाके स्थापित किए गये हैं। पुलिस आने-जाने वाले सभी वाहनों की जांच कर रही है। कर्नाटक राज्य सड़क परिवहन निगम के सूत्रों ने बताया कि दोनों राज्यों के बीच बस सेवा एहतियातन स्थगित कर दी गयी है और दोनों राज्य से आने वाले सभी यात्रियों को दूसरे राज्य की सीमा में घुसने के बाद दूसरी बस से गंतव्य तक पहुंचाया जा रहा है। कर्नाटक से तमिलनाडु तक की बस सेवा तो स्थगित कर ही दी गयी है, तमिलनाडु से आने वाली बसों को भी राज्य की सीमा में घुसने की अनुमति नहीं दी जा रही है। 

केएसआरटीसी के प्रबंध निदेशक राजेंद्र कुमार कटारिया ने बताया कि निगम तमिलनाडु के विभिन्न स्थानों के लिए 470 बसें चलाती है। इसके अलावा कई निजी बसें भी वहां जाती हैं। बस सेवा स्थगित होने के कारण शांतिनगर और मैसूर रोड सैटेलाइट बस टर्मिनस पर कई बसें खड़ी हैं। 

Home / Miscellenous India / जयललिता के लिए दुआएं, सदमे से पार्टी कार्यकर्ता की मौत

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो