कोलकाता। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी शनिवार को कोलकाता पहुंचे। उन्होंने फ्लाईओवर हादसे की जगह का मुआयना किया। मीडिया से बात करते हुए कहा कि मैं यहां राजनीति करने नहीं आया हूं। उन्होंने कहा कि जो लोग दुख में हैं, अस्पताल में घायल हैं उनसे मिलने आया हूं। राहुल गांधी ने कहा कि यह एक हादसा है तथा वह इस मुद्दे का राजनीतिकरण नहीं चाहते हैं।दो इंजीनियर सस्पेंड, 3 गिरफ्तारउधर, पश्चिम बंगाल सरकार ने कोलकाता में गिरे फ्लाईओवर के निर्माण से जुड़े दो वरिष्ठ अभियंताओं को सस्पेंड कर दिया है। जबकि फ्लाईओवर बना रही कंपनी आईवीआरसीएल के तीन अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें कंपनी के कोलकाता में प्रोजेक्ट इंचार्ज और इंजीनियर भी शामिल हैं। वहीं 8 को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने कंपनी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। वहीं आईवीआरसीएल ने कहा है कि घटना के पीछे बम ब्लास्ट कारण हो सकता है। इसकी जांच होनी चाहिए। आईवीआरसीएल आंध्र प्रदेश और यूपी में पहले से ब्लैक लिस्टेड है। हादसे में मरने वालों की संख्या 26 हो गई है। मृतकों में राजस्थान के चूरू के अजय कंदोई और उनकी पत्नी सरिता शामिल हैं।