ममता सरकार ने कहा है कि राज्य में अब केवल चार घंटे ही मिठाई और फूलों की दुकानें खुलेंगी। चीफ सेक्रेट्री राजीव सिन्हा ने कहा कि मिठाई और फूलों की दुकानें अब सुबह आठ बजे से लेकर दोपहर के 12 बजे तक ही खुलेंगी। गौरतलब है कि इससे पहले ममता सरकार ने 16 अप्रैल को इन दुकानों को सुबह आठ बजे से लेकर शाम चार बजे तक खोलने की इजाजत दी थी। लेकिन, चार दिन में ही सरकार ने अपना फैसला बदल दिया और अब आठ घंटे की बजाय केवल चार घंटे तक ही इन दुकानों को खोलने की इजाजत दी है। इससे पहले 20 मार्च को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी दुकानों को दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक खोलने की इजाजत दी थी।
गौरतलब है कि राज्य में कोरोना मरीजों की संख्या अचानक बढ़ने लगी है। राज्य में अब तक 392 लोग कोरोना के शिकार हो चुके हैं, जबकि 12 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, 73 लोग ठीक होकर घर लौट चुके हैं। इससे पहले ममता बनर्जी पर आरोप लगा था कि वह कोरोना संक्रमितों का आंकडा़ छिपा रही हैं। इस पर उन्होंने ICMR पर काफी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था कि उन्हें खराब टेस्टिंग किट दिए गए हैं।