
फेसबुक की सुरक्षा में फिर लगी सेंध, 5 करोड़ यूजर्स की सूचनाएं चोरी
न्यूयार्क। फेसबुक की सुरक्षा में एक बार फिर से बड़ी सेंध लगी है। फेसबुक के 5 करोड़ यूजर्स के डेटा हैक होने का खतरा मंडरा रहा है। शुक्रवार को फेसबुक ने कहा कि डेटा सुरक्षा में सेंधमारी के कारण 50 मिलियन यानी लगभग 5 करोड़ लोगों की निजी सूचनाएं चुरा लिए जाने का खतरा है। फेसबुक साइट और एप्लीकेशन में एक फीचर को लेकर सोशल नेटवर्किंग साइट का कहना है कि इसमें एक लूपहोल का फायदा उठाकर कुछ सूचनाएं लीक कर ली गई हैं। बात दें कि कैंब्रिज एनालिटिका स्कैंडल मामले के बाद यह फेसबुक पर सबसे बड़ा संकट है।
हैकर्स ने लगाई फेसबुक में सेंध
हैंकर्स के दुस्साहस से फेसबुक पर अब तक का सबसे बड़ा संकट मंडरा रहा है। हालांकि पिछले दो साल से फेसबुक कई परेशानियों से जूझ रहा है लेकिन इस बार हैकर्स के इस कदम से फेसबुक खुद सकते में हैं। हैकर्स ने फेसबुक के सिक्योरिटी कोडिंग पर हमला कर फीचर वाले विकल्पों को हैक कर लिया है। हमला कर हैकर्स फेसबुक यूजर्स के अकाउंट तक पहुंच गए। फेसबुक ने शुक्रवार को कहा कि 9 करोड़ से ज्यादा फेसबुक यूजर्स के अकाउंट्स को ऑटो लॉगआउट किया गया ताकि उनके अकाउंट को सुरक्षित किया जा सके।
यूजर्स के प्रोफाइल तक हैकरों की पहुंच
इस हमले के बारे में जानकारी देते हुए फेसबुक ने अपने ब्लॉग पोस्ट में बताया, "हमारी इंजिनियरिंग टीम ने फेसबुक के 'View As' फीचर में एक खामी पाई है। इसी के जरिये हैकर्स ५ करोड़ यूजर्स के एकाउंट तक पहुचने में सफल रहे।" गौर तलब है कि इस फीचर के तहत यह देखा जा सकता है कि हमारी प्रोफाइल किसी दूसरे की आईडी से देखने पर कैसी दिखाई देती है। फेसबुक ने अपने ब्लॉग पोस्ट में बताया कि 'View As' फीचर के जरिए फेसबुक ऐक्सेस टोकन कोड हैक कर लिए गए हैं।इससे अब तक 5 करोड़ फेसबुक यूजर प्रभावित हो चुके हैं।
फेसबुक इतिहास की सबसे बड़ी हैकिंग
शुक्रवार की हैकिंग की घटना को फेसबुक के इतिहास में सबसे बड़ी घटना मानी जा रही है।अभी कंपनी हाल में हुए कैंब्रिज एनालिटिका स्कैंडल से ठीक से उबर भी नहीं पाई थी कि इस घटना ने एक बार फिर फेसबुक के डेटा सिक्योरिटी को कटघरे में खड़ा कर दिया है।फेसबुक ने कहा है कि हमलावरों के बारे में फिलहाल कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है।कंपनी ने यह भी कहा है कि उसने अब गड़बड़ी को अब दुरुस्त कर लिया है और साइबर सुरक्षा एजेंसियों को इसकी सारी जानकारी दे दी गई है।
गड़बड़ी दुरुस्त लेकिन टूटा भरोसा
फेसबुक ने हालांकि हैकिंग से अब निजात पा ली है लेकिन अब उसके सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि वह अपने यूजर्स का भरोसा जीते। एक अनुमान के अनुसार दुनिया में हर महीने 2 अरब से ज्यादा लोग फेसबुक यूज करते हैं। ऐसे में यह लोगों की निजता और उनकी व्यक्तिगत जानकरियां कैसे सुरक्षित रख सकेगी, यह अब भी बड़ा सवाल है।
Updated on:
29 Sep 2018, 8:18 AM IST
Published on:
29 Sep 2018, 8:16 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.