जय प्रकाश, मुरादाबाद। प्रदेश में भले ही भाजपा की सरकार बन गई हो लेकिन शासन और प्रशासन स्तर के अधिकारियों का सपा सरकार की तरफ से मोहभंग नहीं हुआ है। शासन स्तर से चलने वाली योजनाओं में आज भी सपा सरकार यानी कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की ही योजनाओं का प्रचार किया जा रहा है। दरअसल, उत्तर प्रदेश सरकार की मिड-डे-मील योजना के अंतर्गत सोमवार को शहर के मंडी चौक स्थित राजकला गर्ल्स इंटर काॅलेज में कक्षा पहली से आठवीं तक की छात्राओं को थाली, गिलास और बैग का वितरण किया गया। छात्राओं के बीच जिन बर्तनों का वितरण किया गया, उसमें गिलास पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की फोटो पर 'खूब पढ़ो और खूब बढ़ो' के साथ-साथ थाली पर 'मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जी की प्रेरणा से उम्मीदों का प्रदेश उत्तर प्रदेश 2016' अंकित है।