script17 मार्च को दुबई से आए थे पति पत्नी, नहीं दी प्रशासन को जानकारी, दोनों निकले कोरोना पॉजीटिव | Came from Dubai on 17 March Husband wife Corona positive | Patrika News
मोरेना

17 मार्च को दुबई से आए थे पति पत्नी, नहीं दी प्रशासन को जानकारी, दोनों निकले कोरोना पॉजीटिव

कोरोना पॉजीटिव में मुरैना भी, वार्ड 47 आइसोलेट किया

मोरेनाApr 03, 2020 / 08:07 am

Amit Mishra

Coronavirus

Coronavirus

मुरैना। कोरोना संक्रमण की आशंका वाले 32 सैंपल में से 7 की रिपोर्ट में 2 केस पॉजीटिव मिले हैं। दोनों नगर निगम सीमा में वार्ड क्रमांक 47 के प्रेमनगर मोहल्ले के रहने वाले और आपस में पति-पत्नी हैं। पॉजीटिव मामले सामने आने के बाद पूरे वार्ड को सील कर दिया गया है। पूरे वार्ड में घर-घर हेल्थ सर्वे शुरू करवा दिया गया है। इस दौरान सर्दी-जुकाम, खांसी-बुखार के मरीज मिलने पर उनके सैंपल जांच को भेजे जाएंगे। सामान्य मरीजों को टेलीमेडिसिन सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। पूरे वार्ड में कफ्र्यू जैसी स्थिति रहेगी।

इलाके को सील किया था

कोरोना पॉजीटिव केस की जानकारी कलेक्टर प्रियंका दास ने स्वयं शाम 5:30 बजे अपने फेसबुक पेज पर लाइव आकर दी। पॉजीटिव पाए गए दंपती के लक्षणों को देखकर पहले से ही आशंका थी कि पॉजीटिव हो सकते हैं। इसीलिए प्रशासन ने बुधवार की शाम को ही वार्ड 47 में प्रेमनगर इलाके को सील किया था। लेकिन रिपोर्ट पॉजीटिव आने के बाद पूरे वार्ड को आइसोलेट कर दिया गया है। वार्ड 47 के किसी भी व्यक्ति को अब शहर के बाकी हिस्सों से अलग-थलग कर बेरीकेडिंग कर दी गई है। कोरोनो पॉजीटिव आए दंपती के संपर्क में आए 22 लोगों को क्वारंटाइन वार्ड में भर्ती कराया गया है। अन्य संपर्क वाला कोई भी व्यक्ति वार्ड 47 में नहीं है।

 

morena Corona positive

2 संदिग्ध कोरोना संक्रमित हैं

अब तक भेजे गए 32 सैंपल में से 07 की रिपोर्ट जिले को प्राप्त हो चुकी है। इनमें से 05 निगेटिव हैं जबकि 2 पॉजीटिव केस आए हैं। आमपुरा क्षेत्र में भी 2 संदिग्ध कोरोना संक्रमित हैं, उनके लक्षणों को देखते हुए इस क्षेत्र को भी बुधवार की शाम से सील करवा दिया गया है।


हर बार कराया जाएगा सेनीटाइजेशन
अब वार्ड 47 को आइसोलेट करने के बाद आवश्यकता पडऩे पर चिकित्सा दल या प्रशासनिक अधिकारी जाएंगे। लेकिन जब वे वार्ड में से लौटेंगे तो बेरीकेडिंग पर उनके वाहन और उन्हें स्वयं सेनीटाइज किया जाएगा। इसके बाद ही शहर में प्रवेश करने दिया जाएगा। इसमें कलेक्टर समेत सभी अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहेंगे।वार्ड 47 के तो किसी भी व्यक्ति को घर के बाहर पैर भी नहीं रखने दिया जाएगा। यह व्यवस्था फिलहाल 14 दिन के लिए लागू की गई है।

 

Corona positive news

17 को आया था दुबई से, प्रशासन को नहीं मिली सूचना
कोरोना पॉजीटिव पाए गए दंपती 17 मार्च को मुरैना आए थे। लेकिन इसकी जानकारी न तो उन्होंने स्वयं प्रशासन को दी और न ही किसी एयरपोर्ट अथॉरिटी से यह जानकारी मिली। तबियत खराब होने पर वे 3-4 बार अस्पताल में जांच कराने भी आए, लेकिन फिर भी नहीं बताया कि वे विदेश से लौटे हैं। ज्यादा स्थिति खराब होने पर 29 मार्च को सामान्य सर्दी-जुकाम की जांच करवाकर चले गए। 31 को फिर तबियत खराब होने पर अस्पताल पहुंचे तब बताया कि वे दुबई से 17 मार्च को मुरैना पहुंचे हैं।सीएमएचओ डॉ. आरसी बांदिल के अनुसार कोरोना पॉजीटिव के नाम सुरेश बरेथा व उसकी पत्नी जयस है।

 

mp Corona positive

फैक्ट फाइल
थर्मोस्क्रीनिंग- 48808
होम आइसोलेट- 24404
संदिग्ध मरीज- 32
क्वारंटाइन वार्ड में- 22
सैंपल भेजे- 32
रिपोर्ट प्राप्त- 07
पॉजीटिव केस- 02
निगेटिव रिपोर्ट- 05
आज केहोम क्वारंटइान-1005

 

वार्ड 47 के प्रेमनगर में दुबई लौटे दंपती की रिपोर्ट कोरोना पॉजीटिव आई है। पूरे वार्ड को आइसोलेट कर दिया गया है। वहां जाकर बाहर आने वाले हर व्यक्ति और वाहन को सेनीटाइज किया जाएगा। डोर टू डोर हेल्थ सर्वे शुरू करवा दिया है। घबराने की कोई बात नहीं है, पॉजीटिव मरीजों को उपचार किया जा रहा है और सभी जरूरी एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।
प्रियंका दास, कलेक्टर, मुरैना।

Home / Morena / 17 मार्च को दुबई से आए थे पति पत्नी, नहीं दी प्रशासन को जानकारी, दोनों निकले कोरोना पॉजीटिव

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो