छात्राएं अपनी रक्षा के लिए स्वयं तैयार हों
अजाक थाने की महिला उप निरीक्षक नम्रता भदौरिया ने सिखाए आत्मरक्षा के गुर व किया जागरूक

मुरैना. अजाक थाने में पदस्थ महिला उप निरीक्षक नम्रता भदौरिया ने कहा कि छात्राएं आत्मरक्षा के लिए स्वयं तैयार हों। इसके लिए ताइक्वांडो, जूडो कराटे की टे्रनिंग लें, अन्यथा पुलिस हेल्पलाइनों की जानकारी रखें, जिससे समय पर पुलिस को सूचना दी जा सके। उप निरीक्षक भदौरिया सोमवार को शासकीय कन्या हायर सेकंडरी स्कूल क्रमांक दो में छात्राओं के बीच महिला सशक्तिकरण के ऊपर बोल रही थीं।
विदित हो कि पुलिस अधीक्षक ने जिलेभर में महिला सशक्तिकरण के उपलक्ष्य में स्कूल व छात्रवासों में पहुंचकर छात्राओं को जागरूक करने का कार्यक्रम तय किया है। इसी के तहत उप निरीक्षक भदौरिया कन्या विद्यालय में छात्राओं के बीच पहुंची। उन्होंने कहा कि महिलाओं व छात्राओं की सुरक्षा के प्रति पुलिस महकमा काफी गंभीर है। इसलिए हर कन्या स्कूल व छात्रावास में इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर कहीं कोई परेशानी आती है तो पहले स्वयं अपनी सुरक्षा करने का प्रयास करें। नहीं तो शोरगुल करें, अन्यथा 10 डायल करें। इसके अलावा महिला ङ्क्षहसा की तुरंत सुनवाई के लिए महिला हेल्पलाइन भी है, जिसका नंबर 1098 है। इस पर फोन करने पर तुरंत मदद मिलेगी। इसके अलावा प्रारंभिक तौर पर ताइक्वांडो भी टे्रनिंग दी गई।
बेटियों से किया पुलिस अधिकारियों ने संवाद
सिहोनियां/पोरसा. महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम के तहत सोमवार को सिहोनिया थाना प्रभारी महेश शर्मा शासकीय उमा विद्यालय में पहुंचे। जहां उन्होंने छात्राओं को महिला सशक्तिकरण के बारे में बताया। इसके साथ ही उन्हें किसी भी तरह की परेशानी आने पर सीधे उनसे संपर्क करने की बात कही। इस अवसर पर स्कूल के प्राचार्य एसआर गुर्जवार सहित स्टाफ मौजूद था। इसी तरह नगरा थाना प्रभारी देवेन्द्र सिंह कुशवाह क्षेत्र के डीबीएम स्कूल में पहुंचे। जहां छात्राओं से संवाद किया। इस दौरान उन्हें छात्राओं को निडर होकर अपनी पढ़ाई जारी रखने की बात कहीं। कोई भी समस्या आने पर पुलिस के इमरजेंसी नंबर १०० पर कॉल करने की सलाह दी।
अब पाइए अपने शहर ( Morena News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज