script24 घंटे मॉल, पब-बार खुलेंगे तो बढ़ेंगे बलात्कार के मामले | 24 hours mall opan rape | Patrika News
मुंबई

24 घंटे मॉल, पब-बार खुलेंगे तो बढ़ेंगे बलात्कार के मामले

विरोध: नाइट लाइफ संस्कृति भारत के लिए अच्छी नहीं

मुंबईJan 21, 2020 / 06:48 pm

Nagmani Pandey

24 घंटे मॉल, पब-बार खुलेंगे तो बढ़ेंगे बलात्कार के मामले

24 घंटे मॉल, पब-बार खुलेंगे तो बढ़ेंगे बलात्कार के मामले

पत्रिका न्यूज नेटवर्क

मुंबई. मायानगरी की रातें रंगीन बनाने से जुड़ी नाइट लाइफ योजना का विरोध भी शुरू हो गया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता राज के. पुरोहित ने कहा कि 24 घंटे शापिंग मॉल, पब-बीयर बार, होटल खुले रहेंगे तो न सिर्फ महिलाओं पर अत्याचार बढ़ेगा बल्कि बलात्कार के मामले भी बढ़ेंगे। महानगर की कानून-व्यवस्था भी बिगड़ेगी। पूर्व मंत्री ने दो टूक कहा कि नाइट लाइफ भारतीय संस्कृति की हिस्सा नहीं है। यह वह संस्कृति है जो युवा पीढ़ी को गलत राह ले जाएगी।
विदित हो कि पर्यटन मंत्री आदित्य ठाकरे महानगर में नाइट लाइफ शुरू करने के पक्षधर हैं। मुख्यमंत्री के बेटे आदित्य ने तर्क दिया है कि नाइट लाइफ की बहाली से न सिर्फ रोजगार अवसर बढ़ेंगे बल्कि सरकार की राजस्व वसूली भी बढ़ेगी। सत्ताधारी महाराष्ट्र विकास आघाडी सरकार में शामिल शिवसेना, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) और कांग्रेस भी आदित्य की पहल के साथ हैं। पुरोहित ने कहा, उन्हें (आदित्य ठाकरे) सोचना चाहिए कि क्या ऐसी संस्कृति भारत के लिए अच्छी है।
आज हो सकती है चर्चा
सप्ताह के सातों दिन और 24 घंटे मॉल, होटल, रेस्टोरेंट, सिनेमा हॉल आदि खुला रखने के प्रस्ताव पर बुधवार को कैबिनेट की बैठक में चर्चा हो सकती है। गृह मंत्री अनिल देशमुख ने कहा कि मामला कानून-व्यवस्था से जुड़ा है। मंजूरी देने से पहले हमें यह भी देखना होगा कि पुलिस पर कितना बोझ पड़ेगा।
यह है योजना
नाइट लाइफ योजना के तहत महानगर के नॉन-रेसिडेंशियल क्षेत्रों में स्थित मॉल्स, थिएटर, रेस्टोरेंट और दुकानों को 24 घंटे खुला रखने का विकल्प मिलेगा। यह योजना प्रयोग के तौर पर मुंबई में शुरू होगी। सफलता मिली तो अन्य शहरों में भी इसका विस्तार किया जा सकता है।

Home / Mumbai / 24 घंटे मॉल, पब-बार खुलेंगे तो बढ़ेंगे बलात्कार के मामले

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो