मुंबई

कांग्रेस को झटका! महाराष्ट्र की इस सीट के उम्मीदवार का जाति प्रमाणपत्र रद्द, कोर्ट पहुंचा मामला

Ramtek Candidate Rashmi Barve: महाराष्ट्र में कांग्रेस और एमवीए गठबंधन के सामने एक नई मुसीबत खड़ी हो गई है।

मुंबईMar 28, 2024 / 05:16 pm

Dinesh Dubey

महाराष्ट्र से कांग्रेस के लिए बुरी खबर आई है। चुनाव आयोग ने महाविकास अघाडी (एमवीए) की उम्मीदवार रश्मी बर्वे को बड़ा झटका देते हुए उनका जाति प्रमाणपत्र रद्द कर दिया है। इससे कांग्रेस नेता बर्वे समेत एमवीए गठबंधन के लिए बड़ी मुसीबत खड़ी हो गई है।
कांग्रेस की तरफ से महाराष्ट्र की रामटेक सीट से उम्मीदवारी मिलने के बाद से रश्मी बर्वे पूरे निर्वाचन क्षेत्र में जोर-शोर से प्रचार कर रही हैं, वहीं दूसरी ओर उनका जाति वैधता प्रमाणपत्र (Rashmi Barve Caste Certificate Validity) अब रद्द कर दिया गया है। जाति वैधता सत्यापन समिति ने गुरुवार को यह फैसला लिया।
यह भी पढ़ें

‘PM मोदी से मेरा कोई विवाद नहीं, लेकिन…’, लोकसभा चुनाव से पहले गडकरी का बड़ा खुलासा

आरक्षित रामटेक (एससी) लोकसभा क्षेत्र से रश्मि बर्वे कांग्रेस की आधिकारिक उम्मीदवार हैं। बर्वे की उम्मीदवारी की घोषणा होने के बाद से उनके जाति प्रमाणपत्र का मुद्दा उठा था। आरोप है कि उन्होंने जाति प्रमाणपत्र प्राप्त करते समय उचित कानूनी प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया था। इसको लेकर शिकायत दर्ज कराई गई थी। जिसके बाद सामाजिक न्याय विभाग ने जाति सत्यापन समिति को उचित कार्रवाई करने का आदेश दिया था।
सामाजिक न्याय विभाग के आदेश के बाद जाति सत्यापन समिति ने रश्मि बर्वे को नोटिस जारी किया था। बर्वे ने उस नोटिस को कोर्ट में चुनौती दी थी। उन्होंने अपनी याचिका में दावा किया था कि यह मामला राजनीति से प्रेरित है। इस बीच सत्यापन समिति ने आज बर्वे का जाति प्रमाणपत्र खारिज कर दिया।

अब आगे क्या होगा?

महाराष्ट्र में पहले चरण में 19 अप्रैल को विदर्भ के पांच लोकसभा सीटों- रामटेक, नागपुर, भंडारा-गोंडिया, गढ़चिरौली-चिमूर और चंद्रपुर में मतदान होगा। पहले चरण के लिए नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 27 मार्च थी। जाति प्रमाणपत्र रद्द होने से बर्वे की उम्मीदवारी पर खतरा मंडराने लगा है। फ़िलहाल रश्मी की तरफ से तत्काल राहत के लिए बॉम्बे हाईकोर्ट (नागपुर बेंच) का रुख किया गया है। उधर, सत्ताधारी महायुति ने रश्मी बर्वे के सामने शिवसेना नेता राजू परवे को उम्मीदवार बनाया है। इससे कांग्रेस के लिए बड़ी समस्या खड़ी हो गई है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.