मुंबई

महाराष्ट्र में पोलिंग बूथ में घुसकर युवक ने की तोड़फोड़, EVM को कुल्हाड़ी से काटा, मचा हड़कंप

Lok Sabha Elections 2024 : अधिकारियों ने बताया कि कुल्हाड़ी से हमला करने की वजह से ईवीएम मशीन टूट गई, आरोपी से पूछताछ जारी है।

मुंबईApr 26, 2024 / 09:24 pm

Dinesh Dubey

EVM Broken in Nanded Maharashtra : लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत आज (26 अप्रैल) महाराष्ट्र के विदर्भ और मराठवाड़ा क्षेत्र की 8 सीटों पर मतदान हुआ। विदर्भ क्षेत्र में बुलढाणा, अकोला, अमरावती, वर्धा और यवतमाल-वाशिम तथा मध्य मराठवाड़ा क्षेत्र में हिंगोली, नांदेड और परभणी सीट पर सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान हुआ। इन 8 सीटों पर शाम 5 बजे तक 53.51 फीसदी मतदान दर्ज हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि राज्य की आठ सीटों पर 204 उम्मीदवार मैदान में थे और उनकी चुनावी किस्मत का फैसला करने के लिए कुल 16,589 मतदान केंद्र बनाये गए थे। सभी जगहों पर मतदान काफी हद तक शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। हालांकि नांदेड निर्वाचन क्षेत्र में एक युवक ने मतदान केंद्र (पोलिंग बूथ) पर तोड़फोड़ की।

गुस्साए युवक ने मतदान केंद्र पर किया हंगामा

नांदेड़ जिले के बिलोली तालुका के रामतीर्थ में एक मतदान केंद्र पर 26 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी की बट से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में तोड़फोड़ की। पुलिस ने तुरंत आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। ईवीएम मशीन तोड़ने वाले आरोपी का नाम भैय्यासाहेब येडके बताया जा रहा है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि नांदेड लोकसभा क्षेत्र के रामतीर्थ में शाम करीब चार बजे एक युवक ने मतदान के दौरान कथित तौर पर ईवीएम को लोहे की चीज से मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी उच्च शिक्षा के बावजूद नौकरी नहीं मिलने से परेशान था। ग्रामीणों का कहना है कि इसी वजह से उसने ईवीएम मशीन तोड़ दी।
आरोपी युवक आज दोपहर 3:56 बजे रामतीर्थ में एक स्कूल में बने मतदान केंद्र पर आया। वह शांति से मतदान के लिए कतार में खड़ा रहा और अपनी बारी आने पर ईवीएम के करीब गया। जब वह वोट डालने के लिए ईवीएम मशीन के सामने पहुंचा तो अपनी पैंट की जेब से छोटी कुल्हाड़ी की बट निकाली और वीवीपैट मशीन और बैलेट मशीन पर वार करने लगा। इससे मतदान केंद्र पर अफरातफरी मच गई। हालांकि पोलिंग बूथ पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उसे मौके से हिरासत में ले लिया।

EVM टूटा लेकिन डेटा सुरक्षित

प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि वह सत्ता में किसान समर्थक और श्रमिक समर्थक सरकार चाहता है। फ़िलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

अधिकारियों ने बताया कि कुल्हाड़ी के हमले से ईवीएम मशीन टूट गई, लेकिन अंदर मौजूद डेटा पर कोई असर नहीं पड़ा। पोलिंग बूथ के अधिकारियों ने बताया कि मतदान का डेटा सुरक्षित है। इसलिए क्षतिग्रस्त ईवीएम के बदले दूसरी ईवीएम मशीन रखकर मतदान प्रक्रिया दोबारा शुरू की गई। इस दौरान पोलिंग बूथ पर पुलिस सुरक्षा भी बढ़ा दी गई।

संबंधित विषय:

Hindi News / Mumbai / महाराष्ट्र में पोलिंग बूथ में घुसकर युवक ने की तोड़फोड़, EVM को कुल्हाड़ी से काटा, मचा हड़कंप

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.