मुंबई

Lok Sabha Elections 2024: महाराष्ट्र की 16 सीटों पर चुनाव लड़ेगी शिंदे की शिवसेना, मुंबई की 3 सीटों पर नजर

Shiv Sena: सीएम एकनाथ शिंदे ने दावा किया कि सीट बंटवारे को लेकर महायुति में कोई मनमुटाव नहीं है।

मुंबईApr 22, 2024 / 02:35 pm

Dinesh Dubey

Maharashtra Lok Sabha Elections 2024 : लोकसभा चुनाव के पहले चरण में महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र की पांच सीटों पर 63.7 फीसदी मतदान हुआ। सभी दल अब दूसरे चरण के प्रचार अभियान में जुटे हुए है। इस बीच, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बड़ा बयान दिया है। शिवसेना प्रमुख ने कहा कि उनकी पार्टी राज्य की 48 में से 16 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इसमें मुंबई की छह में से तीन सीटें शामिल हैं।
एक मीडिया संस्थान को दिए इंटरव्यू में सीएम एकनाथ शिंदे ने दावा किया कि सीट बंटवारे को लेकर सत्तारूढ़ महायुति में कोई मनमुटाव नहीं है। महायुति में शामिल शिवसेना, बीजेपी और अजित पवार की एनसीपी विकास के मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएगी और 42 से ज्यादा सीटें जीतकर 2019 के रिकॉर्ड को तोड़ देगी।
मुंबई में बीजेपी ने दो लोकसभा क्षेत्रों- उत्तर पूर्व मुंबई और उत्तर मुंबई में अपने उम्मीदवारों की घोषणा की है। जबकि एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने दक्षिण मध्य मुंबई में अपने प्रत्याशी का ऐलान कर दिया है। जबकि मुंबई की तीन सीटों पर अभी तक महायुति ने उम्मीदवार नहीं बताये हैं।
दिलचस्प बात यह है कि लोकसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के बाद भी महायुति ने आधिकारिक तौर पर राज्यभर में सीट आवंटन की घोषणा नहीं की है। उधर, विपक्षी महाविकास आघाडी ने इसी महीने सीट-बंटवारा समझौते की घोषणा की।
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) 21, कांग्रेस 17 और एनसीपी (शरदचंद्र पवार) 10 लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ेंगी। उद्धव गुट मुंबई दक्षिण, मुंबई दक्षिण मध्य, मुंबई उत्तर पश्चिम और मुंबई उत्तर पूर्व सीट पर चुनाव लड़ेगी। वहीँ, कांग्रेस मुंबई उत्तर मध्य और मुंबई उत्तर में अपने उम्मीदवार उतारेगी।
गौरतलब हो कि महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीट पर 19 अप्रैल से 20 मई तक पांच चरणों में मतदान होगा। मुंबई की सभी छह संसदीय सीट पर आखिरी चरण में 20 मई को मतदान होगा।

संबंधित विषय:

Hindi News / Mumbai / Lok Sabha Elections 2024: महाराष्ट्र की 16 सीटों पर चुनाव लड़ेगी शिंदे की शिवसेना, मुंबई की 3 सीटों पर नजर

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.