scriptमिलिंद ने संभाला मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष का चार्ज | Milind Deora took charge as Mumbai Congress | Patrika News
मुंबई

मिलिंद ने संभाला मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष का चार्ज

संजय निरुपम ने स्वागत समारोह में निकाली जमकर भड़ास, मल्लिकार्जुन खडग़े, आशीष दुआ, पृथ्वीराज चव्हाण समेत कई वरिष्ठ कांग्रेसी साथ आए नजर

मुंबईMar 28, 2019 / 09:51 pm

Nitin Bhal

संजय निरुपम ने स्वागत समारोह में निकाली जमकर भड़ास, मल्लिकार्जुन खडग़े, आशीष दुआ, पृथ्वीराज चव्हाण समेत कई वरिष्ठ कांग्रेसी साथ आए नजर

संजय निरुपम ने स्वागत समारोह में निकाली जमकर भड़ास, मल्लिकार्जुन खडग़े, आशीष दुआ, पृथ्वीराज चव्हाण समेत कई वरिष्ठ कांग्रेसी साथ आए नजर

मुंबई. मुंबई कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष मिलिंद देवड़ा ने गुरुवार को गाजे-बाजे के साथ चार्ज संभाल लिया। कार्यकर्ताओं ने देवड़ा का फूल-मालाओं के साथ स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने देवड़ा को मिली जिम्मेदारी के लिए सोनिया गांधी व राहुल गांधी का शुक्रिया अदा किया। देवड़ा ने कहा कि कांग्रेस हाई कमान की उम्मीदों पर मैं पूरी तरह से खरा उतरने की पूरी कोशिश करूंगा। यह समय नाराजगी व्यक्त करने का नहीं है। लोकसभा चुनाव का प्रचार अब जोर पकडऩे वाला है। ऐसे में अब सभी कार्यकर्ताओं को अपने क्षेत्र के उम्मीदवार के प्रचार में जोर-शोर से जुट जाने की जरूरत है। कार्यक्रम में पूर्व मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष संजय निरुपम ने जमकर भड़ास निकाली।
अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी: देवड़ा

मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष देवड़ा ने चेताते हुए अपील की है कि पार्टी में अनुशासनहीनता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बकौल देवड़ा, मुंबई के सभी धर्म व भाषा के लोगों को साथ लेकर चलूंगा। पिता स्व. मुरली देवड़ा ने 22 सालों तक मुंबई कांग्रेस की कमान संभाली थी, लेकिन मेरे लिए ऐसा करना संभव नहीं होगा। राजनीति सीखने में उनके पिता व पार्टी के पूर्व सांसद गुरुदास कामत ने उनकी काफी मदद की थी। आज दोनों नेता हमारे साथ नहीं हैं, लेकिन उनका आशीर्वाद हमेशा मेरे साथ रहेगा। मिलिंद को बधाई देने के लिए राज्य प्रभारी मल्लिकार्जुन खडग़े, पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण, एआईसीसी सचिव आशीष दुआ, एकनाथ गायकवाकड़, प्रिया दत्त व कृपाशंकर सिंह, चरणजीत सिंह सप्रा, संजय निरुपम, जनार्दन चांदुरकर, बाबा सिद्धीकी, उर्मिला मातोंडकर के अलावा काफी संख्या में
नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कई नेताओं का साथ न मिलने का बावजूद डटा रहा: निरुपम

कार्यक्रम के दौरान पूर्व मुंबई अध्यक्ष संजय निरुपम ने जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने कहा कि मैं मुंबई अध्यक्ष के रूप में कांटों भरा ताज मिलिंद को सौंप रहा हूं। निरुपम ने कहा कि वे कामना करेंगे कि मिलिंद के ताज के सारे कांटे फूल हो जाएं। बकौल निरुपम मुंबई कांग्रेस में कांटे की तरह था, जो अब निकल गया है। निरुपम ने अपने विरोधियों पर जमकर हमला करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में कई नेताओं ने साथ नहीं दिया, इसके बावजूद वे डटे रहे।

Home / Mumbai / मिलिंद ने संभाला मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष का चार्ज

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो