अत्यावश्यक सेवा के रूप में बस
मुंबई लोकल बंद होने के बाद राज्य सरकार ने शहर की अत्यावश्यक सेवाओं की जिम्मेदारी बेस्ट और एसटी बसों को सौंपी है। इसके तहत पनवेल, पालघर,आसनगांव, विरार, कल्याण, बदलापूर इन रेलवे स्टेशनों से मुंबई के बोरिवली, वाशी दादर, ठाणे (खोपट) के लिए बसों का संचालन किया जाएगा। ये बसें पनवेल-वाशी, पनवेल-दादर, पालघर-बोरिवली, विरार- बोरिवली, वाशी-दादर, आसनगाव- ठाणे, कल्याण- ठाणे, कल्याण-दादर, बेलापूर -ठाणे और नालासोपारा- बोरिवली मार्ग पर चलेंगी। इसके अलावा अगले आदेश तक महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में जाने वाली सभी बसें बंद रहेंगी। बेस्ट के प्रवक्ता ने पत्रिका को बताया कि बेस्ट की बसें चलतीं रहेंगी।
मुंबई लोकल
आज से मुंबई लोकल 31 मार्च तक के लिए पूरी तरह से बंद कर दी गई है। यह पहली बार है जब मुंबई लोकल इतने दिनों के लिए बंद रहेगी। बता दें कि सेंट्रल और वेस्टर्न रेलवे में आम तौर पर लगभग तीन हजार सेवाएं चलाई जातीं हैं, जिससे 80 लाख से ज्यादा लोग सफर करते हैं।
मेट्रो बंद
कोरोना वाइरस के चलते मुंबई मेट्रो 1 ने अपनी सभी सेवाएं 31 मार्च तक बंद करने का निर्णय लिया है। मुंबई मेट्रो1 से रोज लगभग 400 मेट्रो ट्रेनें चलती हैं। इसमें 4.5 लाख लोग यात्रा करते हैं।
मोनो बंद
कोरोना के चलते मोनो रेल की सभी सेवाएं 31 मार्च तक बंद करने का निर्णय लिया है। आम तौर पर मुंबई मोनो रेल से रोजाना लगभग 12 हजार लोग यात्रा करते हैं। इसके लिए मोनो रेल रोज लगभग 98 सेवांए चलाता है। हर 22 मिनट पर एक मोनो रेल चलती है।
मुश्किल होगा टैक्सी चलाना
टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष एंटोनी लॉरेंस क्वाड्रोस ने पत्रिका को बताया कि हमने टैक्सी सर्विस बंद करने का अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया है। लेकिन अगर लोग ही घरों से नहीं निकलेंगे तो फिर टैक्सियां किसके लिए चलेंगी। मुझे लगता है कि आने वाले कुछ दिनों तक मुंबई की सड़कों पर टैक्सियां चलाना मुश्किल होगा।