scriptअरब सागर में चक्रवाती तूफान के आसार, मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की हिदायत | soon there is a cyclone in arabian sea | Patrika News
मुंबई

अरब सागर में चक्रवाती तूफान के आसार, मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की हिदायत

मुंबई तट से 300 किमी दूर बन रहा निम्न दबाव का क्षेत्र

मुंबईJun 10, 2019 / 09:14 pm

Nitin Bhal

अरब सागर में चक्रवाती तूफान के आसार, मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की हिदायत

अरब सागर में चक्रवाती तूफान के आसार, मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की हिदायत

मुंबई

अरब सागर में मुंबई तट से 300 किमी दूर बने निम्न दबाव के क्षेत्र से चक्रवाती तूफान के आसार हैं। हालांकि देश की आर्थिक राजधानी में तूफान आने की संभावना नहीं है। फिर भी तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। साथ ही चक्रवाती तूफान के तलते समुद्र में ऊंची लहरें उठेंगी। इसे देखते हुए मछुआरों को 13 जून तक समुद्र में मछली पकडऩे के लिए नहीं जाने की हिदायत दी गई है। साथ ही जिला कलेक्टर ने उन क्षेत्रों में लोगों को अलर्ट रहने को कहा है, जहां पिछले साल मानसून के दौरान भूस्खलन की घटनाएं हुई थीं। मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक अगले दो दिनों में यह निम्न दबाव वाला क्षेत्र और गहरा जाएगा। इसके बाद यह चक्रवात में बदल जाएगा। मौसम विभाग के मुताबिक चक्रवाती तूफान के असर के चलते दूर-दराज के क्षेत्रों में भारी बारिश होगी। साथ ही समुद्र तटीय क्षेत्र में मौसम तूफानी रहेगा। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को सलाह दी है कि अगले तीन दिन वे मछली पकडऩे के लिए समुद्र में न जाएं।
सही दिशा में बढ़ रहा मानसून

लगभग एक सप्ताह की देरी से केरल पहुंचा मानसून सही दिशा में बढ़ रहा है। मानसून शनिवार को केरल पहुंचा, जो महाराष्ट्र की ओर बढ़ रहा है। सप्ताह भर के भीतर गोवा होते हुए मानसून महाराष्ट्र के कोकण क्षेत्र में सक्रिय हो सकता है। मुंबई में भी कोकण क्षेत्र में ही है। विदित हो कि दक्षिण पश्चिम मानसून ही उत्तर और मध्य भारत सहित देश के अधिकांश इलाकों में लगभग चार महीने तक चलने वाली वर्षा ऋतु का वाहक माना जाता है।
प्री मानसून बारिश शुरू

मुंबई, नवी मुंबई, ठाणे, भिवंडी और कल्याण सहित महाराष्ट्र के कई इलाकों में प्री मानसून बारिश शुरू हो गई है। नासिक और बीड सहित राज्य के कई जिलों में शनिवार और रविवार को तेज हवा के साथ बारिश हुई, जिसमें कुछ जगह जन हानि भी हुई है। सोमवार शाम को भी महामुंबई क्षेत्र में प्री मानसून बारिश हुई।
फिलहाल हल्की बारिश के आसार

मौसम पर नजर रखने वाली निजी एजेंसी स्काईमेट के अनुसार 12, 13 और 14 जून को महाराष्ट्र के तटीय इलाकों में समुद्र में उफान होगा, साथ ही तेज हवा भी चलेगी। मुंबईकरों को मानसूनी बारिश के लिए अभी एक सप्ताह का इंतजार करना पड़ेगा। स्काईमेट के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने बताया कि 12 जून को महानगर में थोड़ी ज्यादा बारिश हो सकती है।
15 जून के बाद होगी तेज बारिश

पलावत ने बताया कि गोवा और कोकण क्षेत्र सहित महाराष्ट्र के सांगली, सतारा, कोल्हापुर, सिंधुदुर्ग और रायगड जिलों में अगले दो दिनों में अच्छी बारिश हो सकती है। वहीं विदर्भ और मराठवाड़ा में कम बारिश होने की संभावना है। अभी मानसून के लिए मुंबई को सप्ताह भर इंतजार करना पड़ेगा। 15 जून के बाद मायानगरी में अच्छी बारिश हो सकती है।
समुद्र में उठेंगी आठ से 10 फुट ऊंची लहरें

स्काईमेट ने बताया कि 12 से 14 जून के बीच महानगर के तटीय क्षेत्र में हाइटाइड हो सकता है। समुद्र में आठ से 10 फुट ऊंची लहरें उठ सकती हैं। हवा की रफ्तार भी 50 से 60 किमी प्रति घंटे रहेगी। इसी के चलते मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।

Home / Mumbai / अरब सागर में चक्रवाती तूफान के आसार, मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की हिदायत

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो