scriptVIKAS YATRA: यह यात्रा समाज के सभी वर्गों के विकास की यात्रा है- डॉ. सिंह | This journey is a journey of development of all sections of society - | Patrika News
मुंगेली

VIKAS YATRA: यह यात्रा समाज के सभी वर्गों के विकास की यात्रा है- डॉ. सिंह

VIKAS YATRA: मुख्यमंत्री ने मांगा आशीर्वाद और किया विकास का वादा

मुंगेलीJun 01, 2018 / 11:56 am

Amil Shrivas

mungeli news

यह यात्रा समाज के सभी वर्गों के विकास की यात्रा है- डॉ. सिंह

मुंगेली. मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि हम विकास करने निकले हैं। बात विकास की होती है तो बात विश्वास की होती है। विश्वास की बात होती है तो श्रद्धा की बात होती है। हमने पूरी श्रद्धा के साथ विकास की यात्रा तय की है। वे गुरुवार को विकास यात्रा के दौरान मुंगेली में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति जनजाति समाज के प्रति हमारी श्रद्धा यह है कि विकास की योजनाओं में से ४४ फीसदी योजनाएं इस समाज के लिए बनी है। भव्य गिरौदपुरी जैतखंभ की स्थापना कराकर हमने समाज को सम्मान दिया। समाज ने भी पिछले चुनाव में दस में से नौ सीटें हमें दी। सांसद, विधायक के रूप में समाज ने योगदान दिया है। गांव, गरीब, किसान, महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग, नौजवान और बेटियों के लिए कई योजनाएं बनाई हैं, जिनका हम विस्तार कर रहे हैं और आपके आशीर्वाद से चौथी बार सरकार बनने पर विकास की रफ्तार चौगुनी होगी। इसका हम वादा करते हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने कहा कि हम मां दंतेश्वरी का आशीर्वाद लेकर दंतेवाड़ा से यात्रा करते हुए आज यहां पहुंचे हैं। मुंगेली और इस पूरे क्षेत्र सहित छत्तीसगढ़ के संपूर्ण विकास की यह यात्रा जारी रहेगी। विरोध करने वाले छत्तीसगढ़ के विकास का विरोध करने निकले हैं। उन्हें जनता ही बताएगी की विकास ये है। पिछले १५ साल से छत्तीसगढ़ में हुए विकास से बौखला, कांग्रेसियों ने ६०-६५ साल तक राज किया, लेकिन क्षेत्र, प्रदेश, जनता व गरीबों के लिए कभी कुछ नहीं किया। मुंगेली विकास की राह पर बहुत आगे बढ़ चुका है। हम विश्वास दिलाते हैं कि यह पूरा क्षेत्र व प्रदेश आगे और तेज गति से विकास करेगा। हम जमीन का पट्टा, फसल बीमा की राशि और धान बोनस सहित हजारों करोड़ के विकास कार्यों की सौगात देने निकले हैं। यह यात्रा पिछले १४-१५ सालों के विकास की यात्रा है। उन्होंने कहा कि आपके घर पहुंचने के पहले धान बोनस की राशि खाते में पहुंच जाएगी। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि धान बोनस को लेकर बरगलाने वाले कांग्रेसी बड़े होशियार हैं। हम बोनस बांटने निकले हैं तो वे विरोध कर रहे हैं, लेकिन सबसे पहले कांग्रेसी ही अपने खाते से बोनस की रकम निकालेंगे। मुख्यमंत्री सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि क्या कभी कांग्रेस की सरकारों ने गरीब के इलाज के लिए सोचा, क्या कभी कांग्रेस ने एक रुपए किलो में चावल दिया, क्या कभी कांग्रेस ने गरीबों के लिए पक्के मकान बनाए, नहीं। उन्होंने कहा कि हमने सभी परिवारों को ५० हजार रुपए सालाना इलाज के लिए स्मार्ट कार्ड दिया है। हमारी केन्द्र सरकार ने दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना आयुष्मान शुरू की है। इसमें गरीब पांच लाख रुपए का इलाज करा सकता है। आपने हमें विकास की जिम्मेदारी सौंपी है तो हम कभी आपका भरोसा टूटने नहीं देंगे। तीन बार भाजपा की सरकार बनी है और दावे के साथ कहता हूं कि चौथी बार भी आपके सहयोग से भाजपा की ही सरकार बनेगी। प्रदेश की जनता को विकास चाहिए और कांग्रेसी इसी तरह विकास का विरोध करते रहे तो कांग्रेस को खोजते नजर आएंगे। सभा को क्षेत्रीय सांसद लखनलाल साहू तथा खाद्य मंत्री पुन्नूलाल मोहिले ने भी संबोधित किया।


ऐसा जनसेवक कहां मिलेगा-मुख्यमंत्री:

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने अपने संबोधन के दौरान खाद्य मंत्री के द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि खाद्यमंत्री मोहले के भाई का निधन हो गया है और तब भी वे जनता के विकास की यात्रा के कार्यक्रम में मौजूद हैं। ऐसा जनसेवक कहां मिलेगा।

Home / Mungeli / VIKAS YATRA: यह यात्रा समाज के सभी वर्गों के विकास की यात्रा है- डॉ. सिंह

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो