scriptपेट्रोल, डीजल मूल्यवृद्धि को लेकर शहर रहा बंद, कांग्रेस में दिखी गुटबाजी | City remained closed due to petrol, diesel price rise | Patrika News
नागदा

पेट्रोल, डीजल मूल्यवृद्धि को लेकर शहर रहा बंद, कांग्रेस में दिखी गुटबाजी

शाम 3 बजे के बाद बाजार में फिर से रौनक देखने को मिली

नागदाSep 11, 2018 / 12:49 am

Lalit Saxena

patrika

Congress,against,nagda,petrol-diesel,off India,

नागदा. एक सप्ताह में दूसरी बार भारत बंद का असर शहर में देखने को मिला। एट्रोसिटी एक्ट के विरोध में सवर्णो के बाद कांग्रेस के आह्वान पर पूरा शहर मुकम्मल बंद रहा। पेट्रोल-डीजल के दामों में बेहताशा बढ़ोत्तरी और बढ़ती मंहगाई को लेकर सोमवार को कांग्रेस ने भारत बंद को आह्वान किया था। बंद सुबह 9 बजे से लेकर 3 बजे तक था। लेकिन शहर में सुबह से ही बंद का व्यापक असर देखने को मिला। ज्यादातर व्यापारियों ने बंद को देखते हुए सुबह से ही अपने प्रतिष्ठानों को नहीं खोला। इक्का-दुक्का दुकाने खुली भी तो कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बंद करवा दी। हालांकि शाम 3 बजे के बाद बाजार में फिर से रौनक देखने को मिली।
इधर बंद के दौरान कांग्रेस की गुुटबाजी भी सड़क पर नजर आई। अलग-अलग गुटों मे बटी कांग्रेस के कार्यकर्ता बंद के दौरान सड़क पर भी गुटों मे बिखरे दिखाई पड़े। पूर्व विधायक दिलीप गुर्जर के नेतृत्व में एक गुट बंद के समर्थन में सड़क पर उतरे तो दूसरा प्रदेश कांग्रेस सदस्य बंसत मालपानी गुट के कार्यकर्ता भी पार्टी का झंडा लेकर सड़कों पर नजर आए। इधर बंद का स्कूलों व कॉलेज पर मिला-जुला असर दिखाई पड़ा। कुछ निजी स्कूलों को छोड़ कर ज्यादातर स्कूल खुले रहे जबकि पेट्रोल पंप सुबह 9 से शाम 3 बजे तक बंद रहे। शाम को पूर्व विधायक गुर्जर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कन्या शाला चौराहे पर एकत्रित होकर राष्ट्रपति के नाम नायब तहसीलदार रमेश पांडे को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर नुक्कड़ सभा का भी आयोजन हुआ जिसमें कांग्रेस के नेताओं ने संबोधित कर केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार को जनविरोधी बताते हुए मंहगाई के लिए जमकर कोसा।
पूर्व विधायक और प्रदेश कांग्रेस के महासचिव दिलीप सिंह गुर्जर ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों की नीतियों के कारण आज समाज का कोई भी तबका सुखी नहीं हैं। भाजपा की सरकार में जहां तेल के दामों में आग लगी हुई हैं। वहीं मंहगाई की मार ने आम लोगों की कमर तोड़ दी है। अच्छे दिनों का वादा कर भाजपा सरकार में आई थी, लेकिन आज देश की जनता खुद को ठगा महसूस कर रही है। गुर्जर ने कहा कि आने वाले विधानसभा और लोकसभा के चुनाव में जनता भाजपा से बदला लेगी और कांग्रेस की सरकार बनेगी।
नवीन बस स्टैंड निर्माण में हुआ भ्रष्टाचार
कांग्रेस के पार्षद एवं जिला कार्यकारी अध्यक्ष सुबोध स्वामी ने इस मौके पर नपा द्वारा निर्मित नवीन बस स्टैंड का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि भाजपा के जनप्रतिनिधियों ने नवीन बस स्टैंड के निर्माण में भारी भ्रष्टाचार किया है। स्वामी ने कहा कि नपा द्वारा जब बस स्टैंड निर्माण को लेकर टेंडर निकाले गए थे। तब उनके एक परिचित ने भी डेढ़ करोड़ रुपए में बस स्टैंड निर्माण का टेंडर डाला था। लेकिन उसका टेंडर स्वीकृत करने की बजाए ढाई करोड़ के टेंडर को स्वीकृत किया गया। इस प्रकार भाजपा के जनप्रतिनिधियों ने करीब एक करोड़ का घोटाला नवीन बस स्टैंड के निर्माण में किया है। स्वामी ने यह भी कहा कि भाजपा नेताओं की हठधर्मिता की वजह से बसों का स्टापेज पुराने बस स्टैंड पर नहीं होने से लोगों काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही बसों का स्टॉपेज 5 मिनिट के लिए पुराने बस स्टैंड पर कर दिया जाएगा। स्वामी ने अधिकारियों पर भाजपा के दबाव में काम करने का भी आरोप लगाया।
इन्होंने भी किया संबोधित
नुक्कड़ सभा को सरनाम सिंह चौहान, महिला कांग्रेस अध्यक्ष मंजु ररोतिया, अय्यूब कामरेड, साबिर पटेल, रघुनाथ सिंह बब्बू, चेतन यादव, युसुफ पहलवान,ओमप्रकाश मौर्य, अजय शर्मा, सुरेंद्र सिंह गुर्जर, जयप्रकाश मल्लाह, शंकर प्रजापत, रमेश अखण्ड, मोहम्मद रंगरेज, अययुब मेव आदि ने संबोधित किया। संचालन प्रमोद चौहान ने किया। आभार शहर कांग्रेस अध्यक्ष राधे जायसवाल ने माना।
इधर निकाली रैली
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी प्रतिनिधि बसंत मालपानी के नेतृत्व में गली-गली घूमकर शंातिपूर्वक नगर बंद करवाया। इस दौरान कांग्रेसियों ने एक रैली निकाली। इस मौके पर युकां विधानसभा उपाध्यक्ष कमल आर्य, युकां प्रभारी दिलीप फतरोड, युकां लोकसभा महासचिव रामकिशोर भाटी, भाराछासं विधाानसभा अध्यक्ष आसिफ शेख, महासचिव नारायण सोलंकी, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष अशोक परांजपे आदि शामिल थे।

Hindi News/ Nagda / पेट्रोल, डीजल मूल्यवृद्धि को लेकर शहर रहा बंद, कांग्रेस में दिखी गुटबाजी

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो