
फिट इंडिया फ्रीडम रन 2.0
नई दिल्ली। केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर (Anurag Singh Thakur) ने आज ने आज वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए फिट इंडिया फ्रीडम रन 2.0 ( Fit India Freedom Run 2.0 ) के राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर के साथ युवा मामले और खेल राज्य मंत्री निसिथ प्रमाणिक भी मौजूद थे। वहीं बीएसएफ, सीआईएसएफ, सीआरपीएफ, रेलवे, एनवाईकेएस, आईटीबीपी, एनएसजी, एसएसबी जैसे संगठन के सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस दौरान अनुराग ठाकुर ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव का जश्न मनाने के लिए, हमने देश भर में फिट इंडिया फ्रीडम रन 2.0 लांच किया है। उन्होंने बताया कि फिट इंडिया फ्रीडम रन के तहत 2 अक्टूबर तक देश भर के 744 जिलों, हर जिले के 75 गांवों और 30,000 शैक्षणिक संस्थानों में आयोजित की जाएगी। पिछली बार इस कार्यक्रम में 5 करोड़ लोग हमसे जुड़े थे और इस बार 7.5 करोड़ लोग सीधे हमसे जुड़ेंगे। मुझे उम्मीद है कि जैसे-जैसे अभियान आगे बढ़ेगा इसकी संख्या बढ़ती जाएगी।
देश के कई राज्यों में दौड़ कार्यक्रम
दिल्ली में केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर और एमओएस (खेल) निसिथ प्रमाणिक ने फिट इंडिया फ्रीडम रन 2.0 को हरी झंडी दिखाई। महाराष्ट्र में फिट इंडिया फ्रीडम रन 2.0 को मुंबई में गेटवे ऑफ इंडिया से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। दौड़ में 40 एनएसजी (राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड) कमांडो भाग ले रहे हैं।
वहीं पंजाब में फिट इंडिया फ्रीडम रन 2.0 को अमृतसर में अटारी-वाघा बॉर्डर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। दौड़ में बीएसएफ (सीमा सुरक्षा बल) के जवान हिस्सा ले रहे हैं। गौरतलब है कि यह दौड़ ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ (Fit India Movement) का हिस्सा है, जिसे पीएम नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय खेल दिवस 2019 पर शुरू किया था।
क्या है फिट इंडिया मूवमेंट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले वर्ष सिंतबर महीने में एक महत्वकांक्षी योजना शुरू की। इसके तहत 'हॉकी के जादूगर' मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस के मौके पर 'फिट इंडिया मूवमेंट' के साथ देशभर में स्वास्थ्य के प्रति जागरुकता के कार्यक्रम शुरू हुए।
पिछले एक साल में 'फिट इंडिया मूवमेंट' के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें देश भर के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने हिस्सा लिया। पीआईबी की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार फिट इंडिया फ्रीडम रन, प्लॉग रन, साइक्लोथॉन, फिट इंडिया वीक, फिट इंडिया स्कूल सर्टिफिकेट और अन्य कार्यक्रमों में साढ़े तीन करोड़ से अधिक लोगों ने पिछले एक साल में हिस्सा लिया।
Published on:
13 Aug 2021, 11:34 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.