राष्ट्रीय

Lok Sabha Elections 2024: मोदी ने 25 को अरबपति बनाया, हम करोड़ों को बनाएंगे लखपति: राहुल गांधी

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखे हमले किए। राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने देश के 25 लोगों को अरबपति बनाया है।

नई दिल्लीApr 25, 2024 / 06:46 am

Paritosh Shahi

Rahul Gandhi Narendra Modi

लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के प्रचार के आखिरी दिन कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखे हमले किए। राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने देश के 25 लोगों को अरबपति बनाया है। हम करोड़ों हिन्दुस्तानियों को लखपति बनाएंगे। साल के एक लाख रुपए और महीने के 8,500 सीधा गरीब महिलाओं और शिक्षित युवाओं के खातों में ठकाठक जाएंगे। राहुल महाराष्ट्र के अमरावती और सोलापुर की चुनावी सभाओं को संबोधित कर रहे थे।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने केरल के वायनाड में अपने भाई राहुल के लिए प्रचार करते हुए मोदी को चुनौती दी कि इस चुनाव को महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा और स्वास्थ्य की सुविधाओं पर लड़कर दिखाएं। उन्होंने लोगों से जागरूक बनने की अपील करते हुए कहा कि आप तय कीजिए कि आपको कैसी राजनीति चाहिए? नैतिक राजनीति या नाटक की राजनीति? सत्ता की राजनीति या सत्य की राजनीति? परोपकार चाहिए या अहंकार चाहिए?

जातिगत जनगणना मेरे लाइफ का मिशन

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दिल्ली के जवाहर भवन में समृद्ध भारत फाउंडेशन की ओर से आयोजित सामाजिक न्याय सम्मेलन में कहा कि कांग्रेस की सरकार आते ही हम जातिगत जनगणना करा देंगे। जातिगत जनगणना मेरे लिए राजनीति नहीं है, ये मेरे लाइफ का मिशन है। राहुल ने कहा कि उन्हें जाति में नहीं, बल्कि ‘न्याय’ में दिलचस्पी है। आज हिंदुस्तान में 90% लोगों के साथ अन्याय हो रहा है। हमने सिर्फ इतना कहा कि जातिगत जनगणना से ये पता लगाते हैं कि कितना अन्याय हो रहा है? इतना कहते ही नरेंद्र मोदी बौखला गए।

बीजेपी देती है फुल लॉन्ड्री सर्विस

प्रियंका ने कहा कि लॉन्ड्री सर्विस की तरह भाजपा भी फुल सर्विस देती है। काला धन सफेद करने की वॉशिंग मशीन, मनी लॉन्ड्रिंग की मशीन, स्टेन रिमूवल सर्विस – इनके पास सबकुछ है। प्रधानमंत्री कहते हैं कि वही एक ईमानदार हैं, बाकी सब भ्रष्ट हैं। लेकिन सुप्रीम कोर्ट की सख्ती के बाद इलेक्टोरल बॉन्ड की लिस्ट निकली तो मोदी जी की असलियत सामने आ गई। चंदे की नहीं, ये वसूली की स्कीम थी।

भाजपा भारत के लिए खतराः खरगे

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सामाजिक न्याय सम्मेलन में कहा कि बीते एक दशक में दलित, आदिवासी, बहुजन, अल्पसंख्यक, और महिलाओं के साथ मोदी सरकार ने भारी नाइंसाफी की है। जातिगत भेदभाव और अत्याचार बढ़ गए हैं। लेकिन, हर दूसरे दिन भाजपा नेता आरक्षण खत्म करने और संविधान को बदलने की धमकी दे रहे हैं, जो अंबेडकर, नेहरू, आजाद और अन्य भारत के निर्माताओं ने हमें दिया है। भाजपा भारत के लिए सबसे बड़ा खतरा है।

Hindi News / National News / Lok Sabha Elections 2024: मोदी ने 25 को अरबपति बनाया, हम करोड़ों को बनाएंगे लखपति: राहुल गांधी

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.