scriptनड्डा ने ममता को घेरा, किया वार, सीएम ने कांग्रेस, माकपा पर साधा निशाना | Patrika News
राष्ट्रीय

नड्डा ने ममता को घेरा, किया वार, सीएम ने कांग्रेस, माकपा पर साधा निशाना

पश्चिम बंगाल में सियासी हमले तेज हो गए हैं। सत्ता और विपक्ष एक दूसरे के खिलाफ वार करने का कोई मौका चूक नहीं रहे हैं। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने एक बार फिर संदेशखाली के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को घेरा। दूसरी तरफ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस और माकपा राज्य में भाजपा की मदद कर रही हैं।

कोलकाताApr 28, 2024 / 07:24 pm

Rabindra Rai

Nadda surrounded Mamata, attacked her, CM targeted Congress, CPI(M)

Nadda surrounded Mamata, attacked her, CM targeted Congress, CPI(M)

. लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के मतदान से पहले पश्चिम बंगाल में सियासी हमले तेज हो गए हैं। सत्ता और विपक्ष एक दूसरे के खिलाफ वार करने का कोई मौका चूक नहीं रहे हैं। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने एक बार फिर संदेशखाली के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को घेरा। दूसरी तरफ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस और माकपा राज्य में भाजपा की मदद कर रही हैं।

ममता बनर्जी की निर्ममता आई सामने

रविवार को पश्चिम बंगाल के दौरे पर पहुंचे नड्डा ने कहा कि संदेशखाली, ममता बनर्जी की निर्ममता और बर्बरता का संदेश चीख-चीख कर दे रहा है। ममता दीदी ने बंगाल को क्या बना दिया है? जहां रवींद्र संगीत गूंजना चाहिए था, वहां बम-पिस्तौल मिल रहे हैं। भाजपा पश्चिम बंगाल में 35 से ज्यादा लोकसभा सीटें जीतेगी। नड्डा ने कहा कि संदेशखाली में जनता की रक्षा के लिए एनएसजी कमांडो को भी उतरना पड़ा। इसी से समझ सकते हैं कि राज्य सरकार ने किस तरह अराजकता फैला रखी है। मैं बंगाल के सभी भाजपा कार्यकर्ताओं और जनता से अपील करता हूं कि आप सभी संदेशखाली पर ममता बनर्जी से जवाब मांगे। संदेशखाली में महिलाओं की इज्जत-आबरू और उनकी जमीनें बचाने के लिए वहां गई जांच एजेंसियों के अधिकारियों पर भी घातक हमला किया गया।

मनीषियों ने की थी ऐसे बंगाल की कल्पना

भाजपा नेता ने कहा कि मैं समाचार पढ़ रहा था कि संदेशखाली में तलाशी के दौरान सीबीआइ ने तीन विदेशी रिवॉल्वर, पुलिस द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली एक रिवॉल्वर, बंदूकें, कई गोलियां और कारतूस बरामद किए हैं। उन्होंने पूछा कि क्या ममता बनर्जी जनता को डराकर, उनकी जान लेकर चुनाव जीतेंगी? क्या नेताजी सुभाष चंद्र बोस, रवीन्द्रनाथ टैगोर, स्वामी विवेकानंद और महर्षि अरविंद जैसे मनीषियों ने ऐसे बंगाल की कल्पना की थी।

जनता देगी ममता दीदी को जवाब

नड्डा ने कहा कि ममता दीदी, यदि आपको ऐसा लगता है कि आप ऐसा करके चुनाव जीत जाएंगी तो ये आपकी भूल है। जनता आपको इसका करारा जवाब देगी। उन्होंने कहा कि हमने देखा कि ममता सरकार में तृणमूल कांग्रेस के शाहजहां शेख जैसे असामाजिक तत्व संदेशखाली में महिलाओं के अस्तित्व पर खतरा बने हुए हैं। महिलाओं के साथ जिस तरह का सलूक हो रहा है वह सच में बहुत ही संवेदनशील और कष्टदायी है।

मोदी सरकार के खिलाफ मजबूती से लड़ाई लड़ेगी तृणमूल

मालदह जिले में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस केंद्र में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ मजबूती से लड़ाई लड़ेगी और लोकसभा चुनाव के बाद इंडिया गठबंधन की सरकार के गठन में अहम भूमिका निभाएगी। तृणमूल कांग्रेस के पश्चिम बंगाल में अकेले लोकसभा चुनाव लडऩे का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में कांग्रेस के साथ हमारा कोई गठबंधन नहीं है। यहां माकपा का कांग्रेस के साथ गठबंधन है। दोनों भाजपा के साथ मिले हुए हैं और यदि यहां के मतदाता कांग्रेस या माकपा को वोट देते हैं तो यह भाजपा विरोधी वोट को बांटने और नरेन्द्र मोदी की मदद करने के समान है।

Home / National News / नड्डा ने ममता को घेरा, किया वार, सीएम ने कांग्रेस, माकपा पर साधा निशाना

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो